हिमाचल में दो दिन भारी बारिश की चेतावनी, इन जिलों में जमकर बरसेंगे बादल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल में फिर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने राज्य के मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो दिन भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
राज्य के नौ जिलों के लिए 30 और 31 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में बादल जमकर बरसेंगे।
राज्य में आगामी चार अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। सरकार को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। वहीं, सोमवार को प्रदेश में 74 सड़के बंद रहीं। जिला कुल्लू में बरसात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
जिला मुख्यालय से सटी लगवैली के भुट्टी गांव में सोमवार सुबह सात बजे तीन मंजिला मकान ढह गया। इस घटना में एक महिला बाल-बाल बची। परिवार के लोग पहले ही इस मकान से दूसरे घर के लिए शिफ्ट हो गए थे। ऐसे में किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
कुल्लू की ऊझी घाटी के हलाण-दो पंचायत में हलाण नाला में बाढ़ आने से पानी सड़क पर आ गया और पतलीकूहल-हलाण-दो सड़क यातायात के लिए बंद हो गई। जिले में एक दर्जन अन्य मार्ग भी भूस्खलन और मलबा आने से प्रभावित हुए।
चौकानाला में सड़क पांच घंटे तक बंद रही
रामपुर-रोहडू के बीच चौकानाला में सड़क पांच घंटे तक बंद रही। सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक इस मार्ग पर यातायात बाधित रहा। ऊना मुख्यालय सहित जिला के अन्य क्षेत्रों में सोमवार दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई।
करीब एक घंटे तक हुई बारिश के चलते उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। हमीरपुर में भी सोमवार को हल्की बारिश हुई। शिमला में दिन भर हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहा।
सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35.2, सुंदरनगर-भुंतर 32.0, कांगड़ा 31.4, चंबा 30.3, नाहन 29.7, सोलन 28.0, धर्मशाला 27.2, कल्पा 24.4, केलांग 23.2, शिमला 22.0 और डलहौजी में 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।