मूसलाधार बारिश से आधा दर्जन दुकानों में घुसा पानी, पेड़ गिरा
राजधानी शिमला में शनिवार दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। धर्मशाला, चंबा, सोलन और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश होने का दौर जारी रहा। प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी दर्ज हुई।
रविवार को भी प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं। पूरे प्रदेश में 26 जुलाई तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। शिमला शहर में शनिवार सुबह से दोपहर तक मौसम साफ रहा।
शाम करीब पांच बजे से शहर में झमाझम बादल बरसे। देर रात तक शहर में बारिश होने का क्रम जारी रहा। शनिवार सुबह जिला कांगड़ा में भी मौसम साफ रहा। दोपहर बाद जिले में बारिश शुरू हुई।
खज्जियार में मकान क्षतिग्रस्त
मूसलाधार बारिश के चलते जिले के खैरा में आधा दर्जन दुकानों में पानी घुस गया। पालमपुर के वारी में भारी बारिश से सड़क पर पेड़ गिर गया। इससे मार्ग काफी समय तक बाधित रहा।
चंबा जिला में शुक्रवार देर रात हुई बारिश से खज्जियार पंचायत के गांव द्रोल में मनसाराम का एक कमरा और बरामदा क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश की भेंट चढ़े कमरे और मकान के बरामदे के कारण प्रभावित को काफी नुकसान हुआ। शनिवार को भी दिन भर चंबा में बारिश का क्रम जारी रहा।
शनिवार को कांगड़ा में अधिकतम तापमान 33.8, ऊना में 33.6, सुंदरनगर में 33.0, हमीरपुर में 32.6, भुंतर में 31.5, चंबा में 31.4, नाहन में 28.8, सोलन में 28.5, धर्मशाला में 28.2, शिमला में 23.4, कल्पा में 22.4 और केलांग में 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।