हिमाचल में मूसलाधार बारिश और तूफान से भारी नुकसान, घरों-दुकानों में घुसा पानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में मानसून की दस्तक से पहले ही जोरदार बारिश ने प्रशासन के सभी इंतजामों की पोल खोल कर रख दी है। शुक्रवार रात और शनिवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश और तूफान से प्रदेश के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। तूफान से कई जगह बिजली के खंभे और तार टूट गए। पानी के पाइपों को नुकसान हुआ है।
कई जिलों में भूस्खलन से सड़कें बंद होने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। नालियां चोक होने से घरों और दुकानों में पानी घुस गया। राजधानी शिमला में शनिवार तड़के करीब दो घंटे तक बादलों की गड़गड़ाहट के साथ भारी बारिश हुई। बारिश से शहर में कई जगह भूस्खलन हुआ। सड़कों पर मलबा आने से सुबह टूटीकंडी बाईपास और ढली बाईपास पर यातायात बाधित रहा।
बिजली के तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। ग्लेशियर पिघलने से लाहुल-स्पीति जिले में छोटा दड़ा के पास नाले में बाढ़ आने से मनाली-ग्रांफू-काजा सड़क पिछले दो दिनों से बंद है। इससे कई वाहन फंस गए हैं। बिलासपुर जिले के बैरी रजादियां गांव में बिजली गिरने से हजारों का नुकसान हुआ है।
घरों की दीवारों में आईं दरारें
लोग तो बाल-बाल बच गए, लेकिन घरों की दीवारों में दरारें आ गईं, फर्श उखड़ गया और तमाम विद्युत उपकरण जल गए। सिरमौर जिले में नाहन-ददाहू-हरिपुरधार सड़क दो सड़का के समीप दो घंटे बंद रही। रेणुका-सतौन सड़क रात को ही बंद हो गई। ऊना जिले में भी शुक्रवार रात हुई बारिश से भारी क्षति पहुंची है।
पानी की निकासी न होने से घरों-दुकानों में पानी घुस गया। जिला कांगड़ा में शुक्रवार रात को शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह भी जारी रही। बिजली बोर्ड को इस बारिश से करीब लाखों का नुकसान हुआ है। चंबा जिले में भी विद्युत ढांचे को नुकसान हुआ।
हमीरपुर के बड़सर में तूफान और बारिश से बिजली के पोल टूट गए। इससे 18 पंचायतों में रात भर बिजली गुल रही।
हिमाचल में आज भी बरसेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल में आज भी बादल बरसेंगे। मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल-स्पीति में 12 से 15 जून तक मौसम साफ रहने के आसार जताए हैं। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कुछ क्षेत्रों में 15 जून तक बारिश की संभावना है।
तीन डिग्री तक गिरा न्यूनतम तापमान- शुक्रवार रात को बारिश होने से प्रदेश का अधिकतम तापमान तीन से चार और न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरा। शुक्रवार रात को ऊना में न्यूनतम तापमान 20.2, धर्मशाला में 20.8, कांगड़ा-हमीरपुर में 22.1, मंडी में 20.0, बिलासपुर में 21.9 और शिमला में 14.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 34.8, मंडी में 33.2, बिलासपुर में 33.9, हमीरपुर में 31.7, चंबा में 30.1, धर्मशाला में 26.3 और शिमला में 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
कहां कितनी बारिश हुई
स्थान बारिश (मिमी में)
कुफरी 91
ऊना 67
शिमल 50
सुन्नी 40
सुजानपुर टीहरा 37
पंडोह 30
नैनादेवी 30
सुंदरनगर 29