डॉक्टरों की एडजस्टमेंट पर स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने दिया ये जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुर्गम क्षेत्रों में तैनात किए जाने वाले नए चिकित्सक दूसरे स्थान पर अपनी एडजस्टमेंट नहीं करा सकेंगे। दुर्गम इलाकों में चिकित्सकों की कमी को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया जाएगा। अकसर देखने में आया है कि जब भी नए चिकित्सकों की तैनाती दुर्गम क्षेत्रों में की जाती है तो वे वहां जाने के बजाय अपनी एडजस्टमेंट करने में लग जाते हैं।
चौपाल के विधायक बलवीर सिंह वर्मा के प्रश्न के उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों के 82 पद बैचवाइज भरे गए हैं। 100 पदों पर सीधी भर्ती राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से की जा रही है।
उन्होंने कहा कि चौपाल विस क्षेत्र में 25 आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों में से केवल सात पद भरे हैं, 18 रिक्त हैं। बलवीर वर्मा ने कहा कि सरकार ने नए भर्ती चिकित्सकों की तैनाती चौपाल में की थी, लेकिन सभी ने अपनी एडजस्टमेंट करवा ली। एक भी चिकित्सक ने ज्वाइन नहीं किया। इस पर स्वास्थ्य मंत्री बोले- नए भर्ती चिकित्सकों की एडजस्टमेंट नहीं की जाएगी।
होम स्टे में नहीं बढ़ेगी कमरों की संख्या
सरकार होम स्टे योजना के तहत तीन कमरों की बजाय पांच कमरे नहीं करेगी। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि नई राहें, नई मंजिल 21.72 करोड़ की किस्त जारी की है, जबकि चिंतपूर्णी में प्रसाद योजना के तहत 50 करोड़ स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा अन्य योजनाएं भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही हैं।
स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा जलोड़ी जोत सुरंग का काम
आनी विधानसभा क्षेत्र के तहत जलोड़ी जोत के नीचे सुरंग का निर्माण किया जाएगा। विभाग शीघ्र इसकी डीपीआर केंद्र को भेजेगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आनी के विधायक किशोरी लाल के प्रश्न के उत्तर में दी। सीएम ने कहा कि सुरंग बनने से आनी और बंजार दो विस क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा। जोत में 4.20 किलोमीटर डबल लेन सुरंग बनाई जाएगी। कंसलटेंट नियुक्त करने के लिए केंद्र सरकार को 6.36 करोड़ का रफ कोस्ट एस्टीमेट बनाकर स्वीकृति को भेजा है।
स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी बढ़ाएगी सरकार
सरकार स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की डाइट मनी बढ़ाएगी। इस पर सरकार विचार कर रही है। विधायक नरेंद्र ठाकुर और सुखराम के सवाल के लिखित जवाब में खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने बताया कि पहली से पांचवीं कक्षा (अंडर-12) तक 50 रुपये, छठी से आठवीं कक्षा (अंडर-14) तक 60 रुपये, नौवीं से 12वीं (अंडर-19) तक 60 रुपये और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता (अंडर-19) तक 75 रुपये की डाइट मनी प्रत्येक खिलाड़ी को दी जाती है।
भाई की शहादत के दो माह बाद हुआ सेना में भर्ती
विधानसभा के शीत सत्र में सर्वसम्मति से हिमाचल के लिए सेना में अलग रेजिमेंट बनाने के संकल्प प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विधायक ठाकुर रामलाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र का एक उदाहरण देकर बताया कि एक सैनिक की मौत के बाद उसके छोटे भाई ने दो महीने बाद ही सेना ज्वाइन कर ली। स्पष्ट है कि वीर भूमि के युवा अपने प्राणों की चिंता नहीं करते। इसके अलावा सुरेश कश्यप, कर्नल इंद्र सिंह, आईडी लखनपाल ने भी संकल्प के पक्ष में अपने विचार रखे।
संकल्प का समय उठा रहा नीयत पर सवाल
कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी ने हिमाचल के लिए सेना में अलग रेजिमेंट बनाने के संकल्प प्रस्ताव का समर्थन किया, लेकिन परोक्ष रूप से सरकार पर कटाक्ष किया। कहा कि सीएम इतनी बार हेलीकॉप्टर से दिल्ली गए, लेकिन संकल्प को 2019 के चुनावों से ठीक पहले लाना नीयत पर सवाल उठा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने एक साल पूरा होने से पहले इस अहम मुद्दे पर पहल की है। सरकार इस संकल्प को भेजने के साथ इसका फॉलोअप भी करेगी।
शिक्षा विभाग में कर्मचारियों का टोटा
शिक्षा विभाग में कर्मचारियों का भारी टोटा है। दस माह में प्रारंभिक शिक्षा विभाग में 2339 शिक्षक एवं गैैर शिक्षक कर्मचारियों, जबकि उच्च शिक्षा विभाग में 1405 पद भरे गए हैं। पच्छाद के विधायक सुरेश कुमार कश्यप के सवाल पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि साल 2015 में प्रारंभिक शिक्षा विभाग में 9461, 2016 में 9095 और 2017 में 10435 शिक्षक एवं गैर शिक्षक कर्मचारियों के पद खाली थे, जबकि उच्च शिक्षा विभाग में 2015 में 9247, 2016 में 10017 और 2017 में 9437 पद खाली थे।
शांगड़ा नेचर पार्क के लिए भूमि नहीं
बंजार विस क्षेत्र के तहत शांगड़ा नेचर पार्क के लिए भूमि नहीं है। अगले साल बनने वाले चार नेचर पार्क में देउरी को भी शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी के प्रश्न पर वन मंत्री गोविंद राम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने साल 2017-18 में 18 ईको पार्क बनाने का निर्णय लिया है। इनमें आठ पार्कों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। अगले साल चार पार्क बनेंगे। अभी तक देउरी और शांगड़ में नेचर पार्क स्वीकृत नहीं है।