भाजपा के त्रिदेव सम्मेलन के लिए हमीरपुर आएंगे राजनाथ सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के त्रिदेव सम्मेलन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह रविवार को हमीरपुर आएंगे। वे चौपर से सुबह 11 बजे एनआईटी मैदान में पहुंचेंगे। त्रिदेव सम्मेलन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के खेल मैदान में होगा। इसमें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के 5112 बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष और बूथ एजेंट भाग लेंगे।
गृहमंत्री त्रिदेवों को प्रदेश में होने वाले विस चुनावों को लेकर टिप्स देंगे। दोपहर बाद तीन बजे राजनाथ दिल्ली रवाना होंगे। सम्मेलन की तैयारियों को जिला भाजपा ने शनिवार को अंतिम रूप दिया।
जिला प्रशासन ने भी केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान जिला मुख्यालय पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। एसपीजी ने जिला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठकें कीं और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
भाजपा कार्यालय का करेंगे शिलान्यास: धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने जिला भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में त्रिदेव सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में व्यवस्था कमेटियों के प्रमुख और विशेष तौर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवं नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा उपस्थित रहे। धूमल ने कहा कि इन सम्मेलनों का मुख्य उद्देश्य मतदान केंद्र स्तर पर पार्टी को मजबूत करना है।
पार्टी मिशन 50 प्लस को सुनिश्चित करने की दृष्टि से मतदान केंद्रों पर किलाबंदी करने जा रही है। हमीरपुर प्रदेश का पहला जिला है, जिसमें भाजपा के कार्यालय का शिलान्यास केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। बैठक में रणधीर शर्मा ने तैयारियों संबंधी सुझाव दिए। पार्टी जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर और जिला महामंत्री राकेश ठाकुर भी मौजूद रहे।
बैठक में यह नेता भी रहेंगे मौजूद
सम्मेलन में राजनाथ सिंह के अतिरिक्त केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, सांसद शांता कुमार, प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक, पूर्व विधायक और प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।