समय पर राशन सप्लाई न उठाने वाले डिपो संचालकों के लाइसेंस होंगे रद्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राशन कार्ड धारकों के लिए गोदामों से समय पर राशन सप्लाई नहीं उठाने वाले डिपो संचालकों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे। डिपुओं में सस्ता राशन नहीं होने की बात कहकर उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले डिपो संचालकों पर सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने बुधवार को सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद लापरवाही बरतने वाले संचालकों के लाइसेंस रद्द करने का कड़ा फैसला लिया।
इस मुहिम को सिरे चढ़ाते हुए मंत्री ने विभागीय नियंत्रकों को समय से राशन सप्लाई नहीं उठाने वाले डिपो संचालकों की पहचान करने के निर्देश दिए। खाद्य आपूर्ति निगम को भी लापरवाह डिपो संचालकों पर नजर रखने के आदेश दिए।
मंत्री ने बताया कि सरकार सभी राशन कार्ड धारकों को समय से सस्ता राशन मुहैया करवाने के लिए वचनबद्ध है। समय पर विभागों के गोदामों में राशन की सप्लाई पहुंच रही है, लेकिन कुछ डिपो संचालक राशन की सप्लाई उठा नहीं रहे हैं। उपभोक्ताओं को सरकार से कोटा नहीं मिलने की बात कहकर गुमराह किया जा रहा है।
डेढ़ लाख फर्जी राशन कार्ड किए रद्द
सरकार की छवि को धूमिल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अब जो भी डिपो संचालक समय से राशन का कोटा गोदामों से नहीं उठाएगा। उनकी अलग से सूची बनाई जाएगी। हर बार ऐसा होने पर ऐसे डिपो संचालकों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आदेश दिए गए कि राशन का कोटा समय से नहीं उठाने वाले डिपो संचालकों की जांच की जाए। बताया कि राशन की चोरी करने वालों पर नकेल कसने को डिपुओं का सामान ढोने वाली छोटी-बड़ी सभी गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाने के आदेश जारी किए हैं। जीपीएस सिस्टम के जरिये ऐसी कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
मंत्री किशन कपूर ने बताया कि राशन कार्डों का कंप्यूटरीकरण होने के बाद करीब डेढ़ लाख फर्जी राशन कार्ड रद्द किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब 18 लाख राशन कार्ड धारक हैं।