अफसर से बदतमीजी मामले में सरकार ने बैठाई जांच, निगम प्रबंधन को सौंपा जिम्मा
कर्मचारी नेता की ओर से एचआरटीसी के अफसर से बदतमीजी के मामले में सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को जांच का जिम्मा सौंपा है। अफसर के साथ फोन पर इस तरह का व्यवहार करने के मामले से एचआरटीसी के अधिकारी और कर्मचारी भी हैरान है।
निगम के अधिकारियों ने इस मामले में प्रधान सचिव जेसी शर्मा से भी मुलाकात की और उन्हें ऑडियो सुनाया। कर्मचारी नेता की ओर से डीएम को धमकाने का यह ऑडियो एचआरटीसी के हर कर्मचारी के मोबाइल पर है। परिवहन मंत्री कार्यालय में भी इस ऑडियो को सुना जा रहा है।
इधर, परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने भी अफसर के साथ की गई बदतमीजी पर कड़ा संज्ञान लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कंडक्टर की ऐसी बदतमीजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निश्चित तौर पर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच चल रही है।
पूर्व में भी बर्खास्त हुआ था कर्मचारी नेता
कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान इस कर्मचारी नेता को बर्खास्त किया गया था। हिमाचल में भाजपा की सरकार सत्ता में आने के कुछ ही दिनों बाद इनकी बहाली की गई थी।
अफसर कर रहे कार्रवाई की मांग- अफसरों के साथ की गई बदतमीजी के मामले में एचआरटीसी अफसर एसोसिएशन ने सरकार से कंडक्टर को बर्खास्त करने की मांग की है। सूत्र बताते हैं कि अगर कार्रवाई नहीं होती है तो अफसर ने काम बंद करने की भी चेतावनी दी है।