दलित महिला का अंतिम संस्कार रोकने के मामले में राज्यपाल ने लिया संज्ञान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के पतलीकूहल थाने के अंतर्गत धारा गांव में दलित महिला का श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार रोकने के मामले में राज्यपाल ने कड़ा संज्ञान लिया है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने जिला प्रशासन को इस बारे में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही की गई कार्रवाई से राजभवन को अवगत कराने के लिए भी कहा है।
हुरंग पंचायत के गांव धारा में स्थानीय लोगों का आरोप है कि दलित समुदाय की महिला के शव को सरकारी पैसे से बने नए श्मशान घाट में जलाने से कुछ लोगों ने रोक दिया। दलील दी थी कि अगर दलित महिला का शव वहां जलाया तो उसके बाद होने वाले देव प्रकोप के लिए वे लोग खुद जिम्मेदार होंगे। इसके बाद शव का पास में ही नाले के किनारे अंतिम संस्कार किया गया। अमर उजाला ने मामले को प्रमुखता से उठाया था।
इसके बाद रविवार को संत श्री रविदास धर्म सभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने करम चंद भाटिया की अध्यक्षता में राज्यपाल से मुलाकात कर उनके ध्यान में यह मामला लाया और कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद राज्यपाल ने कुल्लू प्रशासन को इस मामले में कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा सभा ने शिमला के आंबेडकर चौक के निकट पुस्तकालय भवन के निर्माण का मामला भी ध्यान में लाया जिस पर राज्यपाल ने उपायुक्त शिमला को वस्तुस्थिति से अवगत करवाने के निर्देश दिए हैं।
दलित महिला का शव जलाने से रोकने के मामले में एफआईआर
मनाली उपमंडल के तहत हुरंग पंचायत में दलित महिला का सरकारी पैसे से बनाए गए श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार करने से रोकने के मामले में सात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। रविवार को पतलीकूहल थाने में पीड़ित परिवार की लिखित शिकायत पर गांव के ही लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
शिकायत में संतराम ने कहा कि दो दिन पहले हुरंग पंचायत के गांव धारा में उनकी दादी का देहांत हो गया था। जब शव को पंचायत की ओर से बनाए श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए लाया गया तो वर्ग विशेष के लोगों ने शव वहां जलाने से रोक दिया। इसमें देवता के प्रकोप का हवाला भी दिया।
आखिर में उन्हें शव नाले में जलाना पड़ा। जिला अनुसूचित जाति कल्याण संघ के अध्यक्ष दिले राम ने कहा कि शिकायत पतलीकूहल थाने में की गई है। डीएसपी कुल्लू आशीष शर्मा ने कहा कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन चल रही है।