मैकलोडगंज में पर्यटकों के लिए पार्किंग कर दी मुफ्त, नए डीसी ने लिया बड़ा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आखिर 15 दिन बाद मैक्लोडगंज में पार्किंग विवाद खत्म हो गया है। एचआरटीसी और बस अड्डा संचालन कंपनी के बीच चल रहे विवाद के कारण निर्माणाधीन बस अड्डे की बंद पड़ी पार्किंग के चलते घंटों जाम में फंसकर धर्मशाला छोड़कर जा रहे हजारों पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है।
कांगड़ा के नए डीसी राकेश प्रजापति ने ज्वाइनिंग के पहले ही दिन धारा 144 के तहत विशेष शक्तियों का प्रयोग करते हुए बंद पड़ी पार्किंग को पर्यटकों के लिए खोलने के आदेश तुरंत प्रभाव से जारी कर दिए हैं।
डीसी ने मैक्लोडगंज की विवादित पार्किंग को पर्यटकों के लिए पूरी तरह निशुल्क कर दिया है। पर्यटन सीजन के चलते मैक्लोडगंज में हर रोज चार से पांच घंटे तक जाम लग रहा था। होटल-रेस्तरां कारोबारी और धर्मशाला के दुकानदारों को भी आर्थिक नुकसान हो रहा था।
लोग मैक्लोडगंज जाने से कतराने लगे थे। जाम में फंसने के चलते टैक्सी चालकों ने पर्यटकों को मैक्लोडगंज ले जाना छोड़ दिया था। होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन को इसकी शिकायत की।
जनहित में लिया निर्णय : डीसी
ज्वाइनिंग के बाद दफ्तर में बैठने के पहले ही दिन डीसी ने एसएसपी संतोष पटियाल के साथ मिलकर मैक्लोडगंज का स्पॉट निरीक्षण किया। लोगों का फीडबैक लेने के बाद धारा 144 का प्रयोग कर डीसी ने पार्किंग खोलकर इसे पर्यटकों के लिए मुफ्त करने के आदेश जारी कर दिए। बस अड्डा पार्किंग में करीब 400 वाहनों के खड़े होने की क्षमता है।
पार्किंग के संचालन के लिए डीसी ने एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें एसडीएम, डीएसपी, तहसीलदार, आरएम और एसएचओ धर्मशाला को रखा गया है। इसके अलावा एक सलाहकार समिति भी बनाई गई है, जिसमें होटल एसोसिएशन के प्रधान टैक्सी यूनियन के प्रधान, व्यापार मंडल मैक्लोडगंज के प्रधान व स्थानीय वार्ड पार्षद को शामिल किया है। पिछले 15 दिन से मैक्लोडगंज में पार्किंग विवाद के चलते घंटों जाम लगने की समस्या को अमर उजाला लगातार उठा रहा था।
जिला दंडाधिकारी राकेश प्रजापति ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद स्पॉट निरीक्षण और लोगों से बातचीत कर जनहित में उन्होंने यह आदेश पारित किए हैं। घंटों जाम से धर्मशाला का देश और दुनिया में नाम खराब हो रहा था। कानून व्यवस्था खराब हो सकती थी। आने वाले वर्षों में पर्यटन कारोबार पर विपरीत असर पड़ सकता था। 31 जुलाई तक पर्यटक बिना शुल्क बस अड्डा पार्किंग में वाहन पार्क कर सकते हैं।