शिमला से पीजीआई चंडीगढ़ को चलेगी निशुल्क एयर एंबुलेंस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी शिमला के मरीजों को आपात स्थिति में पीजीआई चंडीगढ़ के लिए निशुल्क एयर एंबुलेंस की सुविधा मिल सकेगी। 26 फरवरी 2019 से इस सेवा की शुरुआत होने जा रही है।
एंबुलेंस में एक साथ दो मरीजों और उनके दो तीमारदारों को चंडीगढ़ ले जाया जा सकेगा। मात्र 35 मिनट में मरीज पीजीआई पहुंचा जाएगा, जबकि सड़क मार्ग से पांच घंटे लगते हैं। यह सेवा कालका-शिमला फोरलेन बना रही कंपनी सेवक इन्फ्रास्ट्रक्चर के एमडी तलविंद्र सिंह सभ्रवाल शुरू करेंगे।
मुंबई निवासी सभ्रवाल के मन में यह विचार उनके स्टाफ सदस्य की मां की शिमला से चंडीगढ़ रेफर होने के बाद मौत के बाद आया। सभ्रवाल ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि केंद्रीय नागरिक एवं उड्डयन मंत्रालय को स्वीकृति के लिए आवेदन किया है।
नाडेल हेलीपैड के लिए भारतीय सेना से मंजूरी मांगी
मंत्रालय ने ही 26 फरवरी की तिथि तय की है। सभ्रवाल ने शिमला के अनाडेल हेलीपैड के लिए भारतीय सेना और प्रदेश सरकार से भी मंजूरी मांगी है।
एयर एंबुलेंस में दो विशेषज्ञों समेत चार डॉक्टरों की टीम भी तैनात रहेगी।एंबुलेंस शिमला में अनाडेल मैदान से उड़ान भरेगी और पीजीआई में उतरेगी।
यहां एक अन्य एयर एंबुलेंस खड़ी रहेगी जिसका इस्तेमाल विकल्प के तौर पर किया जाएगा। एयर एंबुलेंस में सिर्फ उन्हीं मरीजों को प्राथमिकता मिलेगी जिन्हें डॉक्टर प्रस्तावित करेंगे और बेहद आपात स्थिति के मरीज चंडीगढ़ ले जाए जाएंगे।
पीएम मोदी कर सकते हैं शुभारंभ
एयर एंबुलेंस की शुरुआत 26 फरवरी 2019 से शिमला से होगी। इस योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। यह योजना केंद्र सरकार के सहयोग से चलेगी। एयर एंबुलेंस में कृत्रिम श्वास, जीवनरक्षक दवाएं व इंजेक्शन की सुविधा रहेगी। इसके साथ ही एक हृदयरोग विशेषज्ञ भी मौजूद रहेगा।
हिमाचल में मुफ्त एयर एंबुलेंस सेवा देने जा रही सेवक इन्फ्रास्ट्रक्चर के एमडी तलविंद्र सिंह सभ्रवाल ने बताया कि एयर एंबुलेंस सेवा मरीजों के लिए निशुल्क रहेगी। इसके लिए टोल फ्री नंबर जारी होगा जिस पर मरीज किसी भी समय सेवा के लिए आवेदन कर सकते हैं।