हिमाचल में शुरू होगी निशुल्क हवाई एंबुलेंस सेवा, एमओयू साइन
हिमाचल सरकार ने निशुल्क हवाई एंबुलेंस सेवा के लिए एमओयू साइन किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों को स्वास्थ्य और वैलनेस केंद्रों में परिवर्तित कर स्वास्थ्य कार्यक्रम ‘आयुष्मान भारत’ को कार्यान्वित करेगी।
इसके तहत निर्धन लोगों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य सुरक्षा छत्र प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री वीरवार को शिमला में निशुल्क हवाई एंबुलेंस सेवा को आरंभ करने के लिए राज्य सरकार, हेलीमिशन फाउंडेशन स्विटजरलैंड और लेडी विलिंटन अस्पताल मनाली के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के
अवसर पर बोल रहे थे। सीएम ने स्विटजरलैंड हेलीमिशन फाउंडेशन का प्रदेश में लेडी विलिंटन अस्पताल मनाली के साथ निशुल्क हवाई एंबुलेंस सेवा आरंभ करने के प्रस्ताव के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस हवाई एंबुलेंस सेवा से पूरे प्रदेश के मरीजों को नजदीक के स्वास्थ्य संस्थान के लिए लिफ्ट किया जा सकेगा और यह 108 एंबुलेंस सेवा के निकट समन्वय के साथ क्रियाशील होगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 2302 करोड़ रुपये का बजट आवंटन
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध करवाएगी, जिनमें मानव संसाधनों के लिए आवासीय स्थान, लैंडिंग और हेलीकॉप्टर का रखरखाव आदि शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों को उनके घर द्वार के समीप बेहतर स्वास्थ्य उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 2302 करोड़ रुपये का बजट आवंटन किया गया है, जो गत वर्ष के बजट से 582 करोड़ रुपये अधिक है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य बी.के. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। हैलीमिशन फांउडेशन स्विट्जरलैंड के अंतर्राष्ट्रीय निदेशक सीमन टैनर ने कहा कि फांउडेशन इस क्षेत्र में गत 47 वर्षों से कार्य कर रही है।
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकान्त बाल्दी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।