दीवार फांद बाल आश्रम के चार बच्चे फरार, प्रबंधन में मचा हड़कंप
बाल आश्रम सुजानपुर में रविवार देर रात दीवार फांदकर चार बच्चे फरार हो गए हैं। बच्चे मुख्य अधीक्षक के आवास का ताला खोलकर फरार हुए हैं। इनके भागने की वीडियो बाल आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मौके पर पहुंची सुजानपुर पुलिस ने फरार हुए चारों बच्चों के फोटो एवं सीसीटीवी फुटेज रिकॉर्ड में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, चार बच्चों के गायब होने से बाल आश्रम प्रबंधक, विभागीय कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
अभी चारों छात्र कहां हैं, किस तरफ गए हैं, इसका कोई पता नहीं चल पाया है। छानबीन के लिए सुजानपुर पुलिस ने निकटवर्ती थानों में सीसीटीवी फुटेज एवं उनके फोटो भेज दिए हैं।
सोमवार को दिन भर छात्रों की तलाश जारी रही। सुजानपुर थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने बताया कि बाल आश्रम सुजानपुर अधीक्षक ने 4 छात्रों के गायब होने की सूचना थाने में दर्ज करवाई है।
एक छात्र पहले भी कई बार हो चुका फरार
उन्होंने बताया कि चारों अधीक्षक निवास का ताला खोलकर दीवार फांदने में कामयाब हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज में चारों एक-दूसरे की सहायता से दीवार फांद कर भागते नजर आ रहे हैं।
गायब हुए छात्रों में से एक छात्र पहले भी कई बार बाल आश्रम से फरार हो चुका है। फरार बच्चे कक्षा दसवीं, आठवीं और सातवीं के छात्र हैं। बाल आश्रम अधीक्षक शिव देव सिंह ने बताया की रात को सुरक्षा के लिए चौकीदार ड्यूटी पर रहता है।
जिस समय यह घटना हुई उस समय भी चौकीदार ड्यूटी पर था। छात्र कैसे भागे, इस पर चौकीदार से पूछताछ की जाएगी। छात्रों के भागने संबंधी परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।