बीपीएल परिवारों के घरों के बाहर टंगेगा गरीबी का बोर्ड
खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने बीपीएल और आईआरडीपी परिवारों के घरों के बाहर गरीबी का बोर्ड लगाने के आदेश दिए हैं। बोर्ड पर परिवार का पूरा विवरण होगा ताकि बीपीएल या आईआरडीपी सूची में अपात्र परिवारों का चयन होने पर लोग एसडीएम से शिकायत कर सकें। बाली ने आदेश की सूचना लघु सचिवालय धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
जिला परिषद हाल धर्मशाला में सोमवार को खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक भी हुई। इसमें फर्जी बीपीएल और आईआरडीपी परिवारों का मामला उठा। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन को आदेश दिए कि बीपीएल और आईआरडीपी परिवारों के घरों के बाहर बोर्ड लगवाना सुनिश्चित करें।
...तो मंत्री ने इसलिए लिया फैसला
मंत्री ने कहा कि कुछ बीपीएल और आईआरडीपी परिवार ऐसे हैं जिनके पास कार और पक्के मकान हैं, फिर भी वे गरीबी रेखा से नीचे बने हुए हैं। ऐसे परिवारों को चिह्नित करने के लिए यह आदेश जारी किए गए हैं। मंत्री ने यह भी आदेश दिए कि अगले तीन माह के लिए किसी भी परिवार को आईआरडीपी या बीपीएल में शामिल न करें।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर सीबीआई कार्रवाई पर पूछे सवाल पर बाली ने कहा कि मामला लीगल है। इस पर कुछ भी कहना सही नहीं होगा। विधायकों और मंत्रियों की ओर से मुख्यमंत्री के पक्ष में प्रस्ताव पारित कर सरकार ने मामले पर अपनी मंशा जता दी है। प्रेस वार्ता के बाद दोपहर को बाली दिल्ली रवाना हो गए।