हिमाचल: 10 घर बहे, तीन की मौत, कांगड़ा की बोह घाटी में 10 लोग लापता
वोह घाटी में जिन लोगों के घर दरिया किनारे हैं, उनको खाली करवा दिया गया है। राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमें शीघ्र हिमाचल पहुंच रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देवभूमि हिमाचल में मौसम के कहर से कुछ लोगों की जान चली गई जबकि कई अब भी लापता हैं। प्रदेश में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि एक मुख्याध्यापक और एमबीबीएस की छात्रा समेत 12 लोग लापता हैं। सबसे ज्यादा तबाही कांगड़ा जिला में हुई है। धर्मशाला में करीब 23 साल बाद 24 घंटे के भीतर 395 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। शाहपुर की बोह घाटी में दरिया किनारे छह घर बह गए। यहां एक महिला का शव मिल गया है जबकि 9 से 10 लोग मलबे में दबे हैं।
चार लोगों को बचाया गया है। अन्य घरों को खाली करवा लिया गया है। दबे हुए लोगों को निकालने की कोशिश जारी है। वहीं, नगरोटा बगवां में दस साल की लड़की बह गई, जिसका शव 300 मीटर दूर मिला है। कटिंडा के समीप चलती गाड़ी पर पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कुल्लू जिला के मनाली के हमटा में एमबीबीएस की छात्रा वाटरफॉल में गिरने से लापता हो गई है। लाहौल स्पीति के उदयपुर के किशोरी गांव में बारिश के बीच गाड़ी चला रहे सरकारी स्कूल के मुख्याध्यापक चिनाब नदी में गिरने के बाद लापता हैं। उनकी भी तलाश की जा रही है।
कांगड़ा जिला के एसपी विमुक्त रंजन ने शाहपुर से करीब 25 किलोमीटर दूर बोह घाटी में बादल फटने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि यहां भूस्खलन के चलते दर्जन भर मकान मलबे में दब गए हैं। मलबे से एक महिला का शव निकाल लिया है। 4 लोगों को जिंदा बचाया गया है। 9 से 10 लोग और दबे हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश जारी है। मलबे में दबे लोगों के जिंदा होने की संभावना बेहद कम है। वहीं, बारिश की वजह से बोह घाटी तक सड़क संपर्क टूट गया था। बिजली और मोबाइल सिगनल बंद थे। डीसी निपुण जिंदल और एसपी विमुक्त रंजन दो किलोमीटर पैदल चलकर बोह घाटी में घटनास्थल पर पहुंचे।
भारी बारिश के कारण पैदा हुई स्थिति पर नजर रखी जा रही: पीएम
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल में भारी बारिश के कारण पैदा हुई स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। मैं बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।
The situation in Himachal Pradesh due to heavy rains is being closely monitored. Authorities are working with the State Government. All possible support is being extended. I pray for the safety of those in affected areas: PM Narendra Modi pic.twitter.com/sK2ZTNMRHr
— ANI (@ANI) July 12, 2021
केंद्र ने भेजी एनडीआरएफ की टीमें, शाह ने ट्वीट कर दी जानकारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश से आई प्राकृतिक आपदा के संबंध में मैंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात की है। राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमें शीघ्र वहां पहुंच रही हैं। गृह मंत्रालय स्थिति को निरंतर मॉनिटर कर रहा है। केंद्र की ओर से हिमाचल को हर संभव मदद दी जाएगी।