{"_id":"6266d554eff9e91c441c0538","slug":"five-parallel-tunnels-to-be-built-for-kiratpur-nerchowk-fourlane","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिलासपुर: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन के लिए बनेंगी पांच समानांतर सुरंगें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिलासपुर: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन के लिए बनेंगी पांच समानांतर सुरंगें
Tue, 26 Apr 2022 03:45 AM IST
Krishan Singh
सरोज पाठक, संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
सरोज पाठक, संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
Published by: Krishan Singh
Updated Tue, 26 Apr 2022 03:45 AM IST
सार
कैंची मोड़ से भवाणा तक मौजूदा पांच टनलों में से दो की खुदाई पूरी हो चुकी है। तीन टनलों का निर्माण जारी है। टनल नंबर एक कैंचीमोड़ में है। इसकी लंबाई 1800 मीटर है। इसके दोनों छोर मिल चुके हैं। टनल नंबर दो बागछाल में हैं।
विज्ञापन
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन टनल।
- फोटो : संवाद
विस्तार
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन के लिए स्वारघाट के कैंची मोड़ से सुंदरनगर के भवाणा तक बन रहीं पांच टनलों के समानांतर पांच और टनलों का निर्माण होगा। यह सुरंगें टू लेन की होंगी। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सलाहकार नियुक्त करेगा। इसके बाद समानांतर टनलों की डीपीआर तैयार की जाएगी। कैंची मोड़ से भवाणा तक मौजूदा पांच टनलों में से दो की खुदाई पूरी हो चुकी है। तीन टनलों का निर्माण जारी है। टनल नंबर एक कैंचीमोड़ में है। इसकी लंबाई 1800 मीटर है। इसके दोनों छोर मिल चुके हैं। टनल नंबर दो बागछाल में हैं। इसकी लंबाई 465 मीटर है। इसका 72 मीटर का निर्माण कार्य शेष है।
विज्ञापन
टनल नंबर तीन तुन्नू में है। इसकी लंबाई 550 मीटर है। इसे भी पूरा किया जा चुका है। टनल नंबर चार टीहरा में है, जिसकी लंबाई 1265 मीटर है। इसका 230 मीटर का निर्माण बाकी है। टनल नंबर पांच भवाणा सुंदरनगर में है। इसकी लंबाई 740 मीटर है। इसका 86 मीटर का कार्य शेष है। निर्माण कार्य कर रही कंपनी ने इन सभी टनलों को जुलाई तक पूरा करने का समय निर्धारित किया है। सभी टनलों की कुल लंबाई करीब पांच किलोमीटर होगी। इन्हीं की तर्ज पर समानांतर टनलें बनेंगी, जो आवागमन को सुगम करेंगी।
विज्ञापन
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पांच टनलों के टू लेन के टेंडर जारी किए थे। अब समानांतर टनलों को बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू की जा रही है। भविष्य में फोरलेन शुरू होने से इन टनलों के पास ट्रैफिक जाम की समस्या नहीं रहेगी। परियोजना निदेशक नवीन मिश्रा ने कहा कि समानांतर टनलें बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए सलाहकार नियुक्त किया जा रहा है। इसकी डीपीआर तैयार करवाई जाएगी। डीपीआर तैयार होने के बाद टेंडर जारी कर इनका निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
विज्ञापन