हमीरपुर। जिले में तीन वर्षीय बालिका समेत जिले में शुक्रवार को 15 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 9 लोग रैपिड एंटीजन टेस्ट से संक्रमित निकले हैं, जबकि 6 अन्य पेंडिंग सैंपलों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। 2 महिलाएं कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुई हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि रैपिड एंटीजन टेस्ट से पॉजिटिव पाए गए लोगों में बड़ा क्षेत्र के गांव जांगली के चार लोग 19 वर्षीय युवक, 18 वर्षीय युवती, 56 वर्षीय महिला और 10 वर्षीय लड़की शामिल है। इनके अलावा एनआईटी का 41 वर्षीय व्यक्ति, गांव लमलाह डाकघर बसारल का 35 वर्षीय व्यक्ति, पीएनबी भूंपल का 35 वर्षीय व्यक्ति, जलाड़ी क्षेत्र के गांव रिट का 53 वर्षीय व्यक्ति और नादौन की 3 वर्षीय बच्ची संक्रमित पाई गई है। कुछ दिन पहले के पेंडिंग तीन सैंपलों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। ये सैंपल जम्मू कश्मीर से लौटे गांव घलूं के 22 वर्षीय युवक, स्वास्थ्य खंड सुजानपुर के गांव ददर के 25 वर्षीय युवक और गांव धमरोल के 31 वर्षीय व्यक्ति के थे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि समर्पित कोविड स्वास्थ्य केंद्र भोटा में उपचाराधीन बड़ा क्षेत्र के गांव चमराल की 29 वर्षीय महिला और बड़सर के बलियाह क्षेत्र के गांव कुसर की 33 वर्षीय महिला की फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। उधर, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में तीन और पेंडिंग सैंपलों की रिपोर्ट शुक्रवार देर रात को प्राप्त हुई है। इनमें तीनों पॉजिटिव पाए गए हैं। इन तीन लोगों में सुजानपुर के वार्ड नंबर 7 का 33 वर्षीय व्यक्ति, बिलासपुर जिले की झंडूता तहसील के गांव नघियार का 79 वर्षीय व्यक्ति और भोरंज उपमंडल के गांव पंजोत का 50 वर्षीय महिला शामिल है।