हिमाचल: चंबा में चट्टान गिरने से पुल क्षतिग्रस्त, लाहौल में हिमखंड गिरा, बर्फबारी से 229 सड़कें ठप
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार को भी प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार जताए हैं। 27 और 28 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है। 28 फरवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का पूर्वानुमान है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को बारिश-बर्फबारी का दौर थमते ही चंबा में चट्टान गिरने से पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि लाहौल में हिमखंड गिरा। शुक्रवार शाम तक प्रदेश 229 सड़कें, 109 बिजली ट्रांसफार्मर और 10 पेयजल योजनाएं ठप रहीं। शिमला में दोपहर बाद हल्की बारिश के साथ फाहे गिरे। फिर धूप खिल गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार को भी प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार जताए हैं। 27 और 28 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है। 28 फरवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का पूर्वानुमान है। एक मार्च को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
बीआरओ ने मनाली-लेह मार्ग को बहाल करने का फिर काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार को लगातार चौथे दिन भी फोर बाई वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के लिए अटल टनल यातायात के लिए पूरी तरह से बंद रही। मनाली-लेह मार्ग स्थित दारचा पुल के समीप हिमखंड गिरने से केलांग-दारचा मार्ग अवरुद्ध हो गया है। हिमखंड गिरने से किसी तरह का कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। नारकंडा में यातायात के लिए एनएच पांच शुक्रवार को बहाल हो गया। जलोड़ी दर्रे में बर्फबारी से एनएच 305 आनी-कुल्लू अभी भी बाधित है। रामपुर-रोहड़ू और नारकंडा-ननखड़ी मार्ग पर दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही ठप रही। चंबा के भरमौर में पूलन-खणी पंचायतों को आपस में जोड़ने वाला बगडू पुल पर चट्टान गिरने से पुल का एक किनारा क्षतिग्रस्त हो गया।
शुक्रवार को पुल पर आवाजाही बंद होने से बगडू गांव के स्कूली बच्चे स्कूल नहीं जा पाएं। क्षेत्र के दर्जनों गांवों का संपर्क भरमौर मुख्यालय से कट गया है। वीरवार रात को शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश हुई। शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 26.4, बिलासपुर में 23.5, हमीरपुर 22.6, कांगड़ा 22.1, सुंदरनगर 22.0, धर्मशाला 19.8, सोलन 19.7, नाहन 19.3, भुंतर 17.9, चंबा 16.0, शिमला 13.3, डलहौजी 5.4 और केलांग में 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वीरवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 6.7, कल्पा माइनस 5.0, कुफरी माइनस 0.4, मनाली शून्य, डलहौजी 1.7, भुंतर 2.2, सोलन-सुंदरनगर 2.6, शिमला 3.0 और धर्मशाला में 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।