शॉर्टसर्किट से घर में लगी आग, दम घुटने से पूर्व सैनिक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कृष्णगढ़ उप तहसील के तहत जगजीतननगर पंचायत के गांव बागी में बुधवार सुबह करीब 10 बजे पूर्व सैनिक कन्हैया लाल के घर में अचानक आग लग गई। इससे 77 वर्षीय पूर्व सैनिक कन्हैया लाल की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई।
वहीं 65 वर्षीय पत्नी अग्निकांड में बुरी तरह से झुलस गई। परिजन उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए पट्टा महलोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। यहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सोलन रेफर कर दिया।
मृतक पूर्व सैनिक के बेटे देवीदत्त और रविंद्र ने बताया कि उसके पिता ने 30 वर्ष तक फौज में अपनी सेवाएं दी थीं। पिछले दो साल से लकवे से पीड़ित थे। रोजाना की तरह परिवार के सभी सदस्य अपनी दिनचर्या में व्यस्त थे। अचानक दस बजे के करीब घर की ऊपरी मंजिल में आग लग गई।
उस समय उनकी माता कृष्णा देवी घर पर थीं। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया और अन्य लोगों को भी इसकी सूचना दी। लेकिन देखते ही देखते उनके बिस्तर और अन्य सामान में आग लग गई और धुआं उठने लगा। इससे दम घुटने से कन्हैया लाल की मौके पर ही मौत हो गई।
बचाने की कोशिश की लेकिन वह भी बुरी तरह से झुलस गई
मृतक की पत्नी ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन वह भी बुरी तरह से झुलस गई। परिजनों ने बताया कि आग से डबल बेड, फर्नीचर, गर्म कपड़े और अन्य घरेलू समान जल कर राख हो गया। गनीमत रही कि कमरे में रखे गैस सिलिंडर में आग नहीं लगी और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना से बागी गांव में मातम पसर गया है। घटना के तुरंत बाद मौके पर प्रधान, कुठाड़ पुलिस चौकी की टीम, फायर ब्रिगेड, बिजली विभाग के कर्मचारी व नायब तहसीलदार कृष्णगढ़ बसंत राम ठाकुर ने मुआयना किया।
प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 25 हजार की राहत राशि दी। नायब तहसीलदार ने बताया कि अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र ही आकलन कर रिपोर्ट बनाई जाएगी।
पुलिस प्रभारी कसौली निर्मल दास ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सोलन भेज दिया है। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण शुरूआती पड़ताल में शॉर्टसर्किट सामने आया है।