नलवाड़ी मेले में आइए और हेलीकाप्टर में बैठकर उड़ान का मजा उठाइए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में इस बार लोग हेलीकाप्टर उड़ान का आनंद ले सकेंगे। इसके लिए प्रशासन ने दिल्ली की एक कंपनी से बातचीत की है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो लोग आसमान से नलवाड़ी मेले का आनंद लेने के साथ ही गोबिंदसागर झील की खूबसूरती और एम्स की साइट के नजारे ले पाएंगे।
राज्य में इस तरह का यह एक अनोखा प्रयास है। उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया ने बताया कि उड़ान का लुत्फ उठाने के लिए लोगों को 2500 से 3000 रुपये तक अदा करने पड़ेंगे।
बिलासपुर में 17 से 23 मार्च तक राज्य स्तरीय नलवाड़ मेले का आयोजन किया जाता है, लेकिन इस बार मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त विवेक भाटिया ने मेले को बेहतर बनाने के लिए कई नए प्रयास किए हैं।
इसमें जहां लोगों के लिए आईपीएल की तर्ज पर एक विशेष बॉक्स बनाया जा रहा है, जिसमें बैठने के लिए लोगों को विशेष शुल्क अदा करना होगा। हालांकि शुल्क अदा करने वाले को विशेष सुविधा मेला कमेटी की ओर से मुहैया करवाई जाएगी। उपायुक्त विवेक भाटिया का कहना है कि टीम मौके पर सर्वे करने पहुंची है। फिजिबिलिटी जांची जाएगी। सर्वे के बाद उड़ान का रूट तय किया जाएगा।
दंगल के लिए मशहूर है मेला
राजाओं के समय से चल रहे मेले का स्वरूप बदल चुका है। पहले मेले में पशुओं का कारोबार होता था। अब तो यहां पूजा के लिए भी प्रशासन को बैल तलाश कर लाने पड़ते हैं। राजाओं के समय में मेला आपसी मेल-मिलाप के लिए शुरू किया था।
राजाओं के समय से ही नलवाड़ी मेला दंगल के लिए मशहूर था। यहां उत्तर भारत के नामी अखाड़ों से सैकड़ों पहलवान आते हैं। हिम कुमार और बिलासपुर केसरी के नाम से यहां विजेताओं को सम्मानित किया जाता है।