डाकघर में खाता खोलने वालों के लिए अच्छी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी शिमला का मुख्य डाकघर (जीपीओ) कोर बैंकिंग सोल्यूशन योजना से जुड़ गया है। अब जीपीओ से जुड़े खाताधारकों को उनका तबादला होने पर खाता ट्रांसफर करने की जरूरत नहीं पडे़गी। जीपीओ शिमला के खाताधारकों का रिकार्ड आनलाइन कर दिया गया है।
शहर के 60 हजार से अधिक ग्राहकों का जीपीओ में खाता है। यह ग्राहक डाक विभाग की देश में स्थित 1168 शाखाओं में अब लेनदेन कर सकेंगे। इसी महीने धर्मशाला शाखा को भी योजना से जोड़ दिया जाएगा।
डाकघर में बचत खाता, पीपीएफ, सीनियर सिटीजन बचत खाता, आरडी, किसान विकास पत्र, नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट, एमआईएस और टीडी योजना के तहत लोग पैसा जमा करवाते हैं। डाक विभाग के कोर बैंकिंग सोल्यूशन से जुड़ने से केंद्रीय योजनाओं का बजट सीधा विभाग को मिल पाएगा।
नए ग्राहकों को जोड़ने की कवायद
असल में मोबाइल बैंकिंग के दौर में पिछड़ा महसूस कर रहा डाक विभाग अब तकनीक के भरोसे ही आगे बढ़ने की कवायद में है। बिजनेस मेल, बीमा, कोर बैंकिंग आदि क्षेत्रों में भी विभाग पांव पसार रहा है। चिट्ठी का स्थान एसएमएस और ई मेल ने ले लिया है।
मनीआर्डर की जगह अब लोगों ने एक दूसरे को पैसा भिजवाने के लिए बैंकों को जरिया बना लिया है। यह सारी कवायद विभाग के साथ नए ग्राहकों को जोड़ने के तहत की जा रही है। आनलाइन शापिंग के क्षेत्र में भी विभाग आगे बढ़ रहा है।
सीबीएस से जुड़ेंगे शहर के पांच डाकघर
कोर बैंकिंग सोल्यूशन से राजधानी स्थित पांच अन्य डाकघरों को भी जोड़ा जाएगा। डाक विभाग के कुसुम्पटी सर्किल ने इस बाबत काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में शहर के पांच डाकघरों को सीबीएस से जोड़ा जाएगा।
डाक विभाग के निदेशक आरएस मिश्रा ने बताया है कि डाक विभाग की देश में 1168 शाखाएं सीबीएस से जुड़ चुकी हैं। इसमें 414 मुख्य डाकघर हैं। दिल्ली, चंडीगढ़, फिरोजपुर और अंबाला सहित कई अन्य राज्यों में ग्राहक इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
जीपीओ शिमला में जल्द खुलेगा पहला एटीएम
मुख्य डाकघर शिमला में जल्द एटीएम स्थापित कर दिया जाएगा। पहले चरण में सिर्फ डाकघर के ग्राहक इसे प्रयोग कर सकेंगे। दूसरे चरण में एटीएम को बैंकों से जोड़ा जाएगा। तब डाक विभाग के ग्राहक बैंकों के एटीएम का भी प्रयोग कर सकेंगे।
सीनियर पोस्ट मास्टर चंबा स्थानांतरित
मुख्य डाकघर के सीनियर पोस्ट मास्टर यशपाल सिंह का तबादला चंबा आफिस में हो गया है। इनके स्थान पर सोलन आफिस से पीसी गौतम को मुख्य डाकघर शिमला में तैनाती दी गई है।