Chamba News: चंबा जिले के चौली और लूणा में दो माह में बनेंगे डबल लेन पुल
चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर के तहत आते चौली नाले और लूणा के पास ध्वस्त पुलों की जगह दो माह में नए पुल बनाए जाएंगे। कोलकाता से आने वाले सामान से ये बैली ब्रिज तैयार किए जाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर के तहत आते चौली नाले और लूणा के पास ध्वस्त पुलों की जगह दो माह में नए पुल बनाए जाएंगे। कोलकाता से आने वाले सामान से ये बैली ब्रिज तैयार किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने 15 दिनों के भीतर दोनों पुलों का सामान उपलब्ध करवाने के कोलकाता की कंपनी को निर्देश जारी किए हैं। इन पुलों की विशेषता यह होगी कि यह डबल लेन पुल होंगे। साथ ही इन पुलों में से बड़े मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी हो सकेगी। इससे बार-बार दुर्घटना और प्राकृतिक आपदा के कारण कबायली क्षेत्र के ग्रामीणों की दिक्कतें नहीं बढ़ेंगी।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार देर शाम निजी कंपनी प्रबंधन की एडिट-थ्री परियोजना से मक भरकर भारी भरकम वाहन चौली पुल से होकर कुठेड़ स्थित डैम साइट स्थित क्रशर प्लांट की ओर जा रहे थे लेकिन चौली नाले पर स्थित बैली ब्रिज के बीचोबीच पहुंचने पर पुल टूटने से मालवाहक वाहन नाले में गिर गया जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चालक घायल हो गया। बैली ब्रिज टूटने से 10 पंचायतों की 20 हजार की आबादी का संपर्क जिला मुख्यालय से पूरी तरह से कट गया है। सूचना मिलने के बाद शासन-प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर चौली नाले में वैकल्पिक रास्ता तैयार करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए। उसके बाद मंगलवार सुबह आखिरकार वैकल्पिक मार्ग बनाकर छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए मार्ग बहाल किया गया।
वहीं शनिवार देररात जनजातीय क्षेत्र भरमौर उपमंडल को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला 30 मीटर स्पैन का 1971 में बना सीमेंट का लूणा पुल भी ध्वस्त हो गया। इससे जनजातीय क्षेत्र भरमौर की 29 पंचायतों का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। पुलों के ध्वस्त होने के बाद ग्रामीणों की मुश्किलों को देखते हुए शासन-प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद अब लोक निर्माण विभाग की ओर से कोलकाता की कंपनी को 15 दिनों के भीतर दोनों पुलों को निर्मित करने का सामान उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग दो माह में पुलों का निर्माण करवाने का दावा कर रहा है। इंजीनियरिंग इन चीफ मुख्य अजय गुप्ता ने खबर की पुष्टि की है। बताया कि चौली बैली ब्रिज और लूणा में टूटे पुलों के स्थान पर दो माह में बैली ब्रिजों का निर्माण होगा।