Himachal: भंग कर्मचारी चयन आयोग का होगा पुनर्गठन, कमेटी ने पहली बैठक में बनाया सुझावों का मसौदा
कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर को भंग करने के बाद अब सरकार ने नए आयोग के गठन की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए गठित कमेटी ने शनिवार को पहली बैठक की।
विस्तार
राज्य कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर को भंग करने के बाद अब सरकार ने नए आयोग के गठन की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए गठित कमेटी ने शनिवार को पहली बैठक की। इसमें केंद्रीय कर्मचारी चयन आयोग नई दिल्ली की तर्ज पर आयोग बनाने का सुझाव दिया गया। देशभर की श्रेष्ठ भर्ती एजेंसियों से भी इसकी जानकारी इकट्ठा की जाएगी। समिति ने परीक्षाओं के आयोजन की प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के साथ-साथ मितव्ययी बनाने पर जोर दिया। प्रदेश सरकार की ओर से श्रेणी तीन के सभी पदों व सेवाओं में नियुक्ति की निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के लिए शनिवार को शिमला में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी दीपक सानन की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि विभिन्न विभागों और संगठनों की ओर से अपनाई जा रही भर्ती प्रक्रियाओं पर विस्तृत और गहन जानकारी एकत्रित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त इस समिति के सदस्यों में भारतीय वन्य सेवाएं अधिकारी अजय शर्मा, भारतीय तटरक्षक सेवानिवृत्त उप-महानिदेशक देव राज शर्मा और निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एवं समिति के सचिव मुकेश रेपस्वाल भी उपस्थित रहे। इस समिति ने इस संबंध में नियमों व शर्तों पर विस्तृत चर्चा की। इसके कार्यक्षेत्र व कार्रवाई पर भी निर्णय लिया। अब यह समिति ऐसी प्रणाली पर बल देगी, जिसमें आधुनिक तकनीक का उपयोग कर भावी उम्मीदवारों व राज्य सरकार दोनों पर ही दबाव कम कर भर्ती प्रक्रिया को आसान बनाया जा सके।
समिति ने आवेदन अवधि से लेकर परीक्षाओं के आयोजन और भर्ती के लिए सुझावों तक नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न मुद्दों के लिए संपूर्ण समाधान निकालने का निर्णय लिया। इस समिति के उद्देश्यों में विभिन्न परीक्षा प्रणालियों की जटिलताओं को कम करने और भर्ती प्रक्रिया को समग्र रूप से सरल बनाना शामिल है। इस बैठक में यह निर्णय हुआ कि प्रगतिशील राज्यों में अपनाई जा रही प्रणालियों का भी अध्ययन किया जाए। इससे प्रदेश में परीक्षाओं के आयोजन के लिए आधुनिक तकनीक तथा तरीकों को अपनाया सकेगा। समिति वरीयता आधारित चयन के लिए वृहद स्तर पर परीक्षाओं में उपयोग में लाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय प्रचलनों पर भी विचार करेगी।
प्रगति की समीक्षा के लिए 23 मई को दूसरी बैठक
समिति प्रदेश सरकार की ओर से निर्धारित समयावधि में अपनी रिपोर्ट देने के लिए प्रयासरत है। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति के कार्यों के बारे में अवगत करवाने और विभिन्न प्रकार की जानकारी एकत्रित करने की प्रगति की समीक्षा के लिए 23 मई 2023 को दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी।