धर्मशाला: धर्मगुरु दलाईलामा की प्रार्थना सभा के साथ पर्यटन कारोबार पकड़ेगा रफ्तार
5 और 6 सितंबर को मैक्लोडगंज के मुख्य बौद्ध मंदिर में दलाईलामा की प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए मैक्लोडगंज क्षेत्र के होटल एडवांस में बुक हो चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरसात के दिए जख्मों को उभारने के लिए धर्मगुरु दलाईलामा की प्रार्थना सभा मरहम का काम करेगी। 5 और 6 सितंबर को मैक्लोडगंज के मुख्य बौद्ध मंदिर में दलाईलामा की प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए मैक्लोडगंज क्षेत्र के होटल एडवांस में बुक हो चुके हैं। वहीं, इससे पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज और धर्मशाला में पर्यटकों के आने की शुरुआत हो जाएगी। पर्यटन नगरी में लंबे समय से पर्यटकों की आवाजाही बंद पड़ी हुई है, लेकिन सितंबर में होने वाली धर्मगुरु दलाईलामा की प्रार्थना सभा को लेकर होटल एडवांस में बुक हो गए हैं। इससे काफी हद तक पर्यटन कारोबारियों को राहत मिलेगी। दलाईलामा की प्रार्थना सभा को लेकर हजारों की संख्या में देश-विदेश से उनकी अनुयायी मैक्लोडगंज का रुख करते हैं। ऐसे में होटल कारोबारियों से लेकर छोटे-बड़े कारोबारियों, टैक्सी और रिक्शा चालकों को भी काफी लंबे समय के बाद अच्छी आय के साधन उपलब्ध होंगे।
विश्वकप मैचों से भी मिलेगी संजीवनी
एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले विश्वकप के पांच मैच भी पर्यटन कारोबार के लिए संजीवनी बूटी का काम करेंगे। अक्तूबर में होने वाले पांचों मैचों के लिए पर्यटन नगरी के बढ़े होटल लगभग बुक हो चुके हैं। साथ ही सितंबर माह के मध्य में मौसम साफ होने के साथ ही पर्यटन कारोबार को एक रफ्तार मिलना भी शुरू हो जाएगी।
सितंबर माह के पहले हफ्ते में होने वाली धर्मगुरु दलाईलामा की प्रार्थना सभा से पर्यटन कारोबार को लंबे समय बाद राहत मिलेगी। प्रार्थना सभा को लेकर मैक्लोडगंज में देश-विदेशों से धर्मगुरु के अनुयायी पहुंचेंगे। इससे होटल कारोबार सहित छोटे-बड़े कारोबारियों, रिक्शा और टैक्सी व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी काफी राहत मिलेगी। -राहुल धीमान, अध्यक्ष, स्मार्ट सिटी होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला।
मौसम साफ होते ही पर्यटन कारोबार पकड़ेगा रफ्तार
सितंबर के मध्य में बरसात लगभग खत्म हो जाती है। इसके बाद पर्यटन नगरी में होटल कारोबार को राहत मिलेगी। साथ ही अक्तूबर में आयोजित होने वाले विश्वकप के मैच भी पर्यटन कारोबार को एक ऊंचाई प्रदान करेंंगे।-अश्विनी वांबा, अध्यक्ष, होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला।