{"_id":"64709218d100badeaf015ef5","slug":"dc-rahul-kumar-said-vehicles-will-ply-on-darcha-leh-road-from-monday-2023-05-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Manali Leh Road: मनाली-लेह मार्ग पर 29 मई से दोनों तरफ से दौड़ेंगे वाहन, प्रशासन ने लिया फैसला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Manali Leh Road: मनाली-लेह मार्ग पर 29 मई से दोनों तरफ से दौड़ेंगे वाहन, प्रशासन ने लिया फैसला
Fri, 26 May 2023 07:56 PM IST
अरविन्द ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी, केलांग (लाहौल-स्पीति)
संवाद न्यूज एजेंसी, केलांग (लाहौल-स्पीति)
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Fri, 26 May 2023 07:56 PM IST
सार
पुलिस चेक पोस्ट दारचा और हिमाचल सीमा सरचू दोनों छोर से गाड़ियों को सुबह 6:00 से 9:00 बजे के बीच छोड़ा जाएगा।
विज्ञापन
दारचा (फाइल फोटो)
- फोटो : संवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सामरिक महत्व के मनाली-दारचा-सरचू-लेह मार्ग पर 29 मई से दोनों तरफ से सभी तरह के वाहन दौड़ना शुरू हो जाएंगे। अभी ऑड-ईवन फार्मूले के तहत दिन में एक तरफ से आवाजाही हो रही है। शुक्रवार को लाहौल-स्पीति के उपायुक्त राहुल कुमार ने पत्रकार वार्ता में कहा कि अधिक बर्फबारी के कारण इस मार्ग पर वाहनों को दोनों तरफ से भेजना संभव भी नहीं था। एक सप्ताह पहले इस मार्ग से 76 लोगों को रेस्क्यू किया गया था। सोमवार से दारचा-सरचू-लेह मार्ग डबललेन के लिए खोल दिया जाएगा, लेकिन ट्रैफिक का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
विज्ञापन
केलांग से सूरजताल का रास्ता डबललेन के लिए उपयुक्त है, लेकिन आगे कुछ हिस्सों में बर्फ की संकरी कटिंग को चौड़ा करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। उपायुक्त ने कहा कि शुक्रवार को लाहौल होटल एसोसिएशन के लोग उनसे मिले और उनकी यह मांग थी कि मनाली-लेह सड़क को डबललेन के लिए खोला जाए। दारचा से आगे मनाली-लेह मार्ग के डबललेन खुलने से लेह-लद्दाख की ओर आवाजाही करने वाले सैलानियों के लिए राहत भरी खबर है। उपायुक्त ने कहा कि सूरजताल से भरतपुर के बीच पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। ये वायरलेस के माध्यम से संपर्क कर स्थिति से अवगत करवाते रहेंगे।
विज्ञापन
पुलिस चेक पोस्ट दारचा और हिमाचल सीमा सरचू दोनों छोर से गाड़ियों को सुबह 6:00 से 9:00 बजे के बीच छोड़ा जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि पर्यटक और आम लोग अभी फोर बाई फोर और चेन वाली गाड़ियाें का अधिक इस्तेमाल करें। सूरजताल और बारालाचा में अधिक समय न रुकें, क्योंकि यहां मौसम पल-पल में बदलता है। बर्फबारी होने पर यहां कई दिक्कतें आ सकती हैं।
विज्ञापन
बर्फबारी से सरचू में दो दिन फंसे 115 ट्रक मनाली भेजे
मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है। बीच में मौसम खराब होने से बारालाचा और जिंगजिंगबार में बर्फबारी भी हो रही है। ऐसे में दो दिन से लेह से मनाली आ रहे ट्रक सुरक्षा की दृष्टि से दो दिन तक सरचू में रोके गए थे, मगर शुक्रवार को मौसम खुलने के बाद उन्हें तड़के 4:00 बजे मनाली के लिए भेजा गया। इस दौरान मनाली से सामान से भरकर गया एक ट्रक बारालाचा पहुंचा तो चालक की वजह से यहां डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। ऐसे में सरचू से पुलिस को मौके पर आना पड़ा और ट्रक को पीछे कर यहां लगे जाम को खोला गया। इस दौरान यहां फंसे सभी 115 ट्रकों को मनाली रवाना किया गया। शुक्रवार को ऑड-ईवन तिथि के हिसाब से मनाली से लेह को वाहनों को रवाना किया गया। पुलिस अधीक्षक केलांग मयंक चौधरी ने कहा कि मनाली-लेह मार्ग पर ऑड-ईवन के अनुसार वाहनों की आवाजाही जारी है।