कर्फ्यू में शराब बेचने पर ठेका सीज, दो के खिलाफ केस
लॉकडाउन के चलते अवैध शराब की बिक्री करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। ग्राम पंचायत भड़ोलियां के कस्बा भड़ोलीकला में चोरी से शराब बेचने पर ठेके को पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस ने अवैध रूप से बिक्री करने पर ठेके से 30 हजार रूपये की नकदी भी बरामद की है।
तलाई पुलिस थाना प्रभारी सतपाल शर्मा की अगुवाई में पुलिस दल कोटधार क्षेत्र में गश्त कर रहा था। भड़ोलीकलां पहुंचे तो देखा कि शराब के ठेके के पास कुछ लोग खड़े थे। पुलिस को देख कर वह वहां से इधर उधर भाग गए।
जिस पर पुलिस को शक हुआ तो देखा कि एक व्यक्ति ने शराब की दुकान को ताला लगाया और स्वयं खेतों की तरफ भागने की कोशिश करने लगा। जिस पर पुलिस ने पकड़ लिया तथा जब उस से पूछताछ की तो उस ने बताया कि एक सेल्समैन ठेके के अंदर है। चोर दरवाजे से बाहर शराब ग्राहकों को दे रहा था।
घुमारवीं के डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लॉकडाउन के चलते भड़ोलीकलां के शराब के ठेके पर अवैध रूप से शराब की बिक्री करने पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
राजा का तालाब में ईंट भट्ठा बंद कराया, मालिक पर केस
लॉकडाउन के बीच राजा का तालाब के साथ लगती ग्राम पंचायत लाड़थ के नकोदर क्षेत्र में शुक्रवार को ईंट के भट्ठे को बंद करवा दिया। यहां ईंटें बनाने का काम चल रहा था। इस दौरान पुलिस ने दो ट्रैक्टरों को भी कब्जे में ले लिया है। भट्ठा मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान टीम ने देखा कि दो ट्रैक्टरों में कच्ची ईंटों को पकाने के लिए ले जाया जा रहा है। भट्ठे की चिमनी से धुआं निकल रहा था और ईंटों को पकाने का काम चल रहा था।
इस दौरान भट्ठे के आसपास एक किमी क्षेत्र में अलग-अलग जगह मजदूर ईंटें तैयार करते पकड़े गए। पंचायत प्रधान सुरिंद्र बंटी ने बताया कि लॉकडाउन के चलते उन्होंने भट्ठा मालिक को काम करवाने से मना भी किया था लेकिन वह नहीं मान रहा था। पिछले करीब एक हफ्ते से लेबर से काम करवा रहा था। डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नकोदर स्थित भठ्ठे में लॉकडाउन के दौरान काम चला हुआ था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर काम बंद करवाया है। कच्ची ईंटों से भरे हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है। भट्ठा मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।