Shimla: मुख्य सचिव बोले- चंबा के भूकंप प्रभावित क्षेत्र में कोई जनहानि नहीं, कुछ मकान आंशिक क्षतिग्रस्त
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विश्लेषण के अनुसार गत दिवस आए भूकंप के चिन्हित केंद्र से जिला चंबा की तहसील पांगी की साच, सेचू, शून (हिलुत्वान) और कुमार (परमार) पंचायतें प्रभावित हुई हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विश्लेषण के अनुसार गत दिवस आए भूकंप के चिन्हित केंद्र से जिला चंबा की तहसील पांगी की साच, सेचू, शून (हिलुत्वान) और कुमार (परमार) पंचायतें प्रभावित हुई हैं। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने बताया कि जीआईएस की सहायता से भूकंप के केंद्र के आसपास के क्षेत्रों की पहचान की गई। चंबा के उपायुक्त और क्षेत्रीय आयुक्त पांगी से संपर्क कर स्थिति का आकलन किया गया है और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा और आवासीय आयुक्त पांगी से जानकारी एकत्रित की गई। स्थानीय प्रशासन क्षेत्र के फील्ड स्टाफ, पटवारी साच, पुलिस चौकी पुर्थी और संभावित क्षेत्रों के चुने हुए प्रतिनिधियों से लगातार संपर्क में है। शुक्रवार सुबह स्थानीय प्रशासन, कार्यकारी दण्डाधिकारी कानूनगो, चिकित्सकों और पुलिस दल को प्रभावित पंचायतों में भेजा गया है और अब तक जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि कुछ मकानों में आंशिक क्षति हुई है, जिसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
लाहौल में लगे भूकंप के चार झटके, घरों से निकले लोग
वहीं, जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी में गुरुवार रात 9:34 बजे से शुक्रवार शाम 5:21 बजे तक चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। गुरुवार रात तीन बार आए भूकंप से लोग सहम गए। केलांग में लोग कड़ाके की ठंड के बीच बच्चों को उठाकर सड़क पर निकल गए थे। शुक्रवार शाम 5:21 बजे फिर से समूची लाहौल घाटी में भूकंप का झटका महसूस किया गया। उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने बताया कि अभी तक घाटी में भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।