सीएम जयराम और एसपी पर अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
पुलिस ने युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 294, 504 और आईटी एक्ट 67 के तहत मामला दर्ज किया है। गगल पुलिस थाना प्रभारी मेहरदीन ने बताया कि मुख्यमंत्री और एसपी के खिलाफ अभद्र भाषा के प्रयोग पर युवक से पूछताछ की जा रही है।
कांग्रेस ने भाजपा आईटी सेल पर दर्ज कराई शिकायत
प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के चेयरमैन अभिषेक राणा ने बताया है कि प्रदेश बीजेपी आईटी सेल के खिलाफ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष व महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस सोशल मीडिया ने गुरुवार को प्रदेश के कई पुलिस थानों में शिकायत दर्ज करवाई हैं। जिला ऊना, कांगड़ा व हमीरपुर की इकाइयों ने पुलिस थानों में जाकर अपनी शिकायतें दर्ज करवाई हैं।
अभिषेक राणा ने कहा है कि महामारी के संकट के दौर से गुजर रहे देश और प्रदेश में प्रचार तो ठीक है लेकिन दुष्प्रचार दुर्भाग्यपूर्ण है। बीजेपी आईटी सेल की इन अभद्र टिप्पणियों से प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि जनता भी आहत हुई है। सत्ता पक्ष द्वारा महज व्यक्तिगत राजनीतिक लाभ के लिए जो आपत्तिजनक अभद्र भाषा का प्रचलन बीजेपी आईटी सेल ने शुरू किया है, वह निश्चित तौर पर समाज के लिए नुकसानदेह साबित होगा।