Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Panipat News ›   Worker loses his life after his neck gets caught while applying pressure to a carding machine.

Panipat News: कार्ड मशीन में प्रेशर लगाते समय गर्दन फंसने से श्रमिक की गई जान

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Mon, 30 Nov 2026 02:33 AM IST
विज्ञापन
Worker loses his life after his neck gets caught while applying pressure to a carding machine.
जिला नागरिक अस्पताल में विलाप करते परिजन। स्रोत : सोशल मीडिया
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन

पानीपत। औद्योगिक नगरी की एक और फैक्टरी में हुए हादसे ने श्रमिक की जान ले ली। काबड़ी चौक स्थित श्री अंबे टेक्सटाइल फैक्टरी में शनिवार दोपहर कंबल बनाने वाली कार्ड मशीन की सफाई करते समय 22 वर्षीय श्रमिक प्रवीण कुमार की गर्दन मशीन में फंस गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रवीण मूल रूप से उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के गांव भाटोली, बिधूना का रहने वाला था। वह करीब छह महीने पहले ही रोजगार की तलाश में पानीपत आया था। यह जानकारी फैक्टरी के सुपरवाइजर राजपाल ने दी।
विज्ञापन

उन्होँने बताया कि प्रवीण कुमार कंबल बनाने वाली कार्ड मशीन पर काम करता था। शनिवार दोपहर वह मशीन की सफाई के लिए उसमें हवा का प्रेशर लगा रहा था। उनके अनुसार, नियमानुसार मशीन में दोनों तरफ प्रेशर पंप होने चाहिए थे, लेकिन उस समय केवल एक तरफ ही प्रेशर पंप लगा हुआ था। प्रवीण दूसरी तरफ से हवा का प्रेशर लगाने लगा तो अचानक मशीन की चपेट में आ गया और उसकी गर्दन मशीन में फंस गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

हादसे के बाद फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। साथी कारीगरों ने तुरंत मशीन बंद करवाई और कड़ी मशक्कत के बाद प्रवीण को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद श्रमिकों में रोष भी देखने को मिला। आरोप है कि हादसे की सूचना दिए जाने के बावजूद फैक्टरी मालिक मौके पर नहीं पहुंचे।
पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि फैक्टरी में काम करते समय मशीन में फंसने से श्रमिक की मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दिए थे निर्देश : उपायुक्त ने औद्योगिक सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। हो रहे हादसों से फैक्टरियों की सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
श्रमिकों की सुरक्षा पर विभाग की निगरानी सवालों के घेरे में
फैक्टरियों में लगातार हो रहे हादसों में श्रमिकों की जान जा रही है, लेकिन सुरक्षा मानकों की निगरानी को लेकर श्रम विभाग की सक्रियता नजर नहीं आ रही। शनिवार को काबड़ी चौक स्थित श्री अंबे टेक्सटाइल फैक्टरी में कार्ड मशीन की चपेट में आने से श्रमिक प्रवीण कुमार की मौत के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल उठे हैं। आरोप है कि फैक्टरी प्रबंधन की लापरवाही से हादसा हुआ। श्रमिक का ईएसआई कार्ड तक नहीं बनवाया गया था।
इससे पहले 28 अक्तूबर को काबड़ी रोड स्थित धागा फैक्टरी में काम करते समय महिला श्रमिक की मौत हो गई थी। इसके बाद उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने फैक्टरी का निरीक्षण कर श्रम विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे। उन्होंने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।
फैक्टरियों में हो रहे हादसे
n
25 जून : बरसत रोड पर भैंसवाल चौक के पास एक गोदाम में खेलते समय कपड़े की गांठों के नीचे दबने से दो बच्चों की मौत हो गई थी।
n
1 जुलाई : काबड़ी रोड स्थित एक फैक्टरी और गोदाम में काम के दौरान कपड़े की भारी गांठ गिरने से महिला श्रमिक माया देवी की मौत हो गई थी।
n
12 अक्तूबर : सनौली रोड स्थित एक हैंडलूम इकाई में मशीन की चपेट में आने से एक कारीगर की मौत हो गई थी।
n
28 अक्तूबर : काबड़ी रोड स्थित फैक्टरी में मशीन में बाल फंसने से महिला श्रमिक की जान चली गई थी।
n
2 नवंबर : काबड़ी रोड स्थित हरे कृष्णा फैक्टरी के गोदाम में कपड़ों की गांठ के नीचे दबने से श्रमिक मंटू कुमार की मौत हो गई थी।
n
14 नवंबर : सेक्टर-29 पार्ट-2 स्थित एक डाई हाउस में बॉयलर के पास काम करते समय एक श्रमिक झुलस गया था।
फैक्टरियों में लगातार हादसों में श्रमिकों की जान जा रही है, लेकिन प्रशासन और श्रम विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही। सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू कराया जाए। लापरवाही मिलने पर फैक्टरी मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। -सुनील दत्त, राज्य सचिव, सीटू।


दिवाली से पहले हुए हादसे के बाद फैक्टरी का निरीक्षण कर श्रम विभाग को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। श्री अंबे टेक्सटाइल फैक्टरी में श्रमिक की मौत के मामले की भी जांच कराई जाएगी। लापरवाही सामने आने पर फैक्टरी मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी। -डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, उपायुक्त।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed