वाटर प्रोजेक्ट लगाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी, आरोपी फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस ने थाना अर्की के अंतर्गत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। कुनिहार के एक व्यक्ति ने उसके बेटे के साथ वाटर प्रोजेक्ट लगाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी की शिकायत पुलिस को दी है। शिकायत में चेतराम पुत्र बृजलाल निवासी हाटकोट बस स्टैंड कुनिहार ने कहा कि सचिन पुत्र विनोद कुमार निवासी 728 एलिमेंट्स मॉल डीसीएम अजमेर मार्ग जयपुर राजस्थान ने उसके लड़के को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी की है।
पीड़ित के अनुसार सचिन ने उसके बेटे पंकज को बताया कि वह पान पराग कंपनी का अधिकृत डीलर है और हिमाचल में वह कंपनी की मदद से वाटर प्रोजेक्ट लगवा सकता है। इस प्रोजेक्ट के लालच में फंसकर पंकज ने बैंक से ऋण लेकर और खुद के पास जमा पैसे एकत्र कर करीब 15 लाख रुपये सचिन को दे दिए। इन पैसों को लेने के बाद सचिन लापता हो गया और अब वह उनका फोन भी नहीं उठा रहा है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी सचिन ने उनके बेटे से धोखाधड़ी करके पैसे हासिल किए हैं।
उनका आरोप है कि पैसे लेते समय जो शर्तें रखी गई थीं, उन्हें भी पूरा नहीं किया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अर्की थाना के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 406 व 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपी का पता लगाया जाएगा और उसे कानून के दायरे में लाकर पूछताछ की जाएगी।
उधर, पीड़ित चेतराम ने बताया कि लाखें रुपये लुटने के बाद उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों संकट खड़े हो गए हैं। बेटे ने स्वरोजगार की चाहत में पैसे लगाए थे लेकिन उससे ठगी हुई है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।