गो तस्करी के आरोपी की हत्या मामले में 11 गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के सराहां में गो तस्करी के पांच आरोपियों में से एक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में नामजद 11 आरोपियों को पुलिस ने वीरवार को गिरफ्तार कर लिया। आठ आरोपियों को पंजाब के डेराबस्सी जबकि तीन आरोपियों को सराहां से ही दबोचा गया है। बताया जा रहा है कि डेराबस्सी में एक आरोपी के दोस्त के यहां सभी छिपे हुए थे।
शुक्रवार को सभी आरोपियों को नाहन कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस तस्करी कर ले जा रहे पशुओं की सबसे पहले सूचना देने वाले एक चालक को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सभी नामजद 11 आरोपियों को शुक्रवार को नाहन कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक सौम्या साम्बशिवान ने बताया कि 15 अक्तूबर को जामन की सेर में गो तस्करी के आरोपी को मौत के घाट उतारने वालों के खिलाफ दर्ज एफआईआर में नामजद आरोपी बजरंग दल के नेता अरुण भंडारी, विनय कुमार, अक्षय ठाकुर, पंकज शर्मा, अरुण कौशिक, विकास, अंशु ठाकुर और तरुण दत्त को ड्रीम होम धकोली तहसील डेराबस्सी जिला मोहाली पंजाब से गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मोहन सिंह भंडारी, जोगेंद्र सिंह और अजमेर सिंह को भी वीरवार को ही सराहां से गिरफ्तार किया गया।
क्या था पशु तस्करी का मामला
नाहन की जामन की सेर पंचायत के ल्वासा चौकी-सराहां मार्ग पर 14 अक्तूबर को तड़के बजरंग दल नेता अरुण भंडारी के साथ आधा दर्जन युवाओं ने ट्रक नंबर एचआर-37ए-6735 से पांच गाय और 10 बैल बरामद किए थे। ट्रक से कई पशु गंभीर हालत में मिले थे। तस्करों पर फायरिंग का आरोप है। इस दौरान आसपास से लोग जुट गए और ग्रामीणों ने मौके से फरार हो रहे पशु तस्करों को जमकर पीटा।
14 अक्तूबर की रात को तस्करी के एक आरोपी की नाहन अस्पताल में मौत हो गई। पांचों युवक सहारनपुर के रहने वाले थे जो पंजाब के मालेर कोटला से पशुओं को यूपी ले जा रहे थे। जांच के बाद पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस पिछले 15 दिनों से मारपीट करने वालों की तलाश कर रही थी।
गो रक्षकों से जबरन जुर्म कबूल करवा रही पुलिस : विहिप
वहीं, प्रदेश विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज कुमार ने कहा कि सिरमौर की पुलिस अधीक्षक गो रक्षकों से जबरन जुर्म कबूल करवा रही है। विहिप ने हर जिला मुख्यालय में उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपे और सिरमौर पुलिस की गो रक्षकों पर की कार्रवाई की निंदा की। वीरवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि सिरमौर पुलिस ने न्यायालय के आदेशों की अवहेलना की है।
सिरमौर में गो तस्करी खुलेआम हो रही है, जिसका उदाहरण सराहां की घटना है। सिरमौर पुलिस इस तथ्य को छुपा रही है, जिसको पुलिस अधीक्षक भलीभांति जानती हैं। अगर मामला उजागर हुआ तो कई पुलिस अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की कि एसपी सिरमौर को निलंबित किया जाए एवं गो तस्करी मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच करवाई जाए। मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने स्वयं गो रक्षकों की पीठ थपथपाई थी, अब गो रक्षकों पर पुलिस का चाबुक चलाया जा रहा है। इसके लिए स्वयं पुलिस दोषी है।