20 हजार की रिश्वत लेते पकड़े एसडीओ और जेई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश बीबीएमबी की बीएसएल परियोजना में कार्यरत दो अधिकारियों और एक पार्ट टाइम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को विजिलेंस ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा है।
वीरवार को विजिलेंस की टीम ने डीएसपी अभिमन्यु वर्मा की अगुवाई में बीबीएमबी की बीएसएल परियोजना के सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
सुंदरनगर के जंगमबाग निवासी ठेकेदार यशपाल सिंह ने बीबीएमबी के सुकेत सदन में एल्युमिनियम कार्य का ठेका लिया था। कार्य करने के बाद यशपाल ने जमा करवाई गई सिक्योरिटी राशि वापस करने के लिए सहायक अभियंता एनएम जैन तथा कनिष्ठ अभियंता सुबोध कुमार से आग्रह किया तो इसकी एवज में उससे दस-दस हजार रुपये की राशि देने की मांग की।
सिक्योरिटी मनी रिलीज करने के लिए मांग रहे थे रिश्वत
यशपाल कई बार सिक्योरिटी राशि की मांग करता रहा लेकिन अफसर टालते रहे। तंग आकर यशपाल ने विजिलेंस मंडी से रिश्वत मांगने की शिकायत की। विजिलेंस ने जाल बिछाकर वीरवार को ठेकेदार यशपाल को 20 हजार के राशि के साथ दोनों अधिकारियों को देने के लिए कहा।
यशपाल ने दोनों को टाउनशिप स्थित सहायक अभियंता के कार्यालय में एक साथ राशि अदा करने के लिए बुलाया। दोनों अधिकारी यशपाल के कहने पर कार्यालय में पहुंचे।
यशपाल ने सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता को 10-10 हजार रुपये की राशि दी। दोनों ने उक्त राशि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पवन को देकर कार्यालय से बाहर ले जाने के निर्देश दिए।
इसी दौरान विजिलेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर उनके हाथ से रसायनिक पदार्थ के नमूने लेकर राशि को बरामद कर लिया। डीएसपी विजिलेंस अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार विरोधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।