ड्राइविंग सिखाने के बहाने सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल ने छात्रा से की छेड़छाड़
हिमाचल के जिला हमीरपुर के एक सरकारी स्कूल की जमा दो कक्षा की छात्रा के साथ प्रिंसिपल ने छेड़छाड़ कर दी। परिजनों ने पुलिस थाना भोरंज में मामले की शिकायत दर्ज करवाई है। इसके चलते पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना में तलब किया है। ग्रामीणों को जैसे ही मामले की भनक लगी, स्कूल परिसर में पहुंच गए।
इसके बाद ग्रामीण पुलिस थाना में भी पहुंच गए। इसके चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया। छात्रा का आरोप है कि कुछ दिन पहले वह सहेलियों के साथ स्कूल जा रही थी। इस दौरान उसी के गांव के प्रधानाचार्य वहां से गाड़ी लेकर आए। उन्होंने गाड़ी रोककर उसे गाड़ी में बुलाया। इस दौरान प्रधानाचार्य ने छात्रा से कहा कि वह रोजाना उसके साथ गाड़ी में ही स्कूल आया जाया करे।
दूसरे दिन वह दोबारा सहेलियों के साथ स्कूल जा रही थी तो प्रधानाचार्य ने गाड़ी रोककर उसे बुलाने का इशारा कर गाड़ी में बिठा लिया। इस दौरान प्रधानाचार्य ने उसे सहेलियों के साथ न आने को कहा। इस दौरान प्रधानाचार्य ने छात्रा को कहा कि अगर उसे ड्राइविंग सिखनी है तो शाम के समय उसके घर आ जाया करे। वह उसे ड्राइविंग सिखा देगा।
तीन दिन पहले गाड़ी में की छात्रा से छेड़छाड़
कुछ दिन तक यह सिलसिला चलता रहा। तीन दिन पहले प्रधानाचार्य ने गाड़ी में अकेली छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। प्रधानाचार्य अपनी हरकतों से पीछे नहीं हटा तो इसकी शिकायत छात्रा ने अपनी मां से की। जैसे ही छात्रा के पिता को इसकी भनक लगी तो उन्होंने स्कूल पहुंचकर यौन उत्पीड़न कमेटी की प्रभारी से मामले की शिकायत की।
जैसे ही ग्रामीणों और बाजार के लोगों को इसकी भनक लगी तो वे भी स्कूल परिसर में पहुंच गए। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके चलते पुलिस मौके पर पहुंच दोनों पक्षों को थाना ले गई। इसके बाद लोग पुलिस थाना में भी पहुंच गए। मामले की लेकर शनिवार को माहौल दिन भर तनावपूर्ण रही।
प्रिंसिपल का कहना है कि उन्होंने कोई छेड़छाड़ नहीं की है। न ही उनकी ऐसी कोई मंशा थी। स्कूल के सभी छात्र और छात्राएं उनके लिए बच्चे सम्मान हैं। थाना प्रभारी सीआर चौधरी का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्रा से छेड़छाड़ पर शिक्षक बर्खास्त
चंबा। शिक्षा विभाग ने छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक की रामापा बिहाली में सेवाएं खत्म करने के निर्देश जारी किए हैं। शिक्षक के पर राउपा गनेड में एक साल पहले छात्रा से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था। इसके चलते शिक्षक को गनेड स्कूल से भी बाहर निकाल दिया गया था, लेकिन शिक्षक ने एसएमसी के तहत माध्यमिक पाठशाला बिहाली में दोबारा ज्वाइनिंग कर ली थी।
इसको लेकर पीड़ित छात्रा और उसके परिजनों ने चाइल्ड लाइन के माध्यम से उपायुक्त चंबा से इसकी शिकायत की थी। इसको लेकर उपायुक्त ने शिक्षा उपनिदेशक को जांच करने के निर्देश दिए थे। जांच पड़ताल के बाद शिक्षा उपनिदेशक ने आरोपी शिक्षक की सेवाएं खत्म करने का निर्णय लिया है।
इसके लिए उन्होंने बिहाली स्कूल प्रभारी को भी निर्देश जारी कर दिए हैं। शिक्षा विभाग से मिले निर्देशों के मुताबिक स्कूल प्रभारी ने उक्त शिक्षक की सेवाएं समाप्त कर दी है। आरोपी शिक्षक पर पिछले वर्ष राउपा गनेड में एसएमसी के तहत अपनी सेवाएं दे रहा था। उस दौरान स्कूल की कुछेक छात्राओं ने मुख्याध्यापक के समक्ष अध्यापक पर छेड़छाड़ करने की शिकायत की थी।
जुगाड़ कर एसएमसी के तहत करवा ली नियुक्ति
इसके चलते स्कूल और एसएमसी प्रबंधन ने शिक्षक की स्कूल से सेवाएं बंद कर दी थीं। इसके बाद शिक्षक ने जुगाड़ कर रामापा बिहाली में एसएमसी के तहत अपनी नियुक्ति करवा ली। जबकि शिक्षक पर छेड़छाड़ के संगीन आरोप लगे थे। इसको लेकर पुलिस में मामला भी दर्ज हुआ था, लेकिन बिहाली स्कूल प्रबंधन समिति ने आरोपी शिक्षक को एसएमसी के तहत स्कूल में नियुक्ति दे दी।
इसको लेकर पीड़ित छात्रा ने उपायुक्त से आरोपी शिक्षक को स्कूल से बर्खास्त करने की मांग की थी। इसके लिए उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश दिए थे। उसी के आधार पर उपरोक्त शिक्षक को स्कूल से बर्खास्त कर दिया गया है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक बलजीत सिंह ने बताया कि बिहाली स्कूल में तैनात शिक्षक पर लगे आरोपों के चलते उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इसके लिए स्कूल प्रभारी को लिखित तौर पर निर्देश जारी कर दिए गए हैं।