छात्रा से दुष्कर्म मामले में स्कूल का प्रधानाचार्य गिरफ्तार, आरोपी शिक्षक बर्खास्त
जिला ऊना के अंब उपमंडल के एक सरकारी स्कूल में छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यौन उत्पीड़न समिति का प्रमुख होने के बावजूद मामला दबाने के आरोप में बुधवार को स्कूल के प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर लिया है।
हालांकि, बाद में प्रधानाचार्य ने जमानत ले ली। इस मामले में स्कूल के स्टाफ को पूछताछ के लिए थाने में तलब किया है। गौरतलब है कि बीते सोमवार को पीड़ित छात्रा के अभिभावकों समेत ग्रामीणों ने स्कूल का घेराव कर किसी भी शिक्षक को स्कूल में नहीं जाने दिया।
शिक्षा विभाग ने मंगलवार को स्कूल प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस का जवाब आने के बाद प्रधानाचार्य का तबादला होगा। शिक्षा विभाग स्कूल की दो महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को ट्रांसफर कर चुका है।
विभाग की एक टीम ने भी मंगलवार को पीड़ित छात्रा और स्टाफ के बयान लिए थे। बताया जा रहा है कि छात्रा ने कहा कि घटना के बाद उसने सारी जानकारी स्टाफ को दी, लेकिन उसे किसी ने नहीं सुना। इस के बाद उसने अभिभावकों को बताया।
स्टाफ की सूची तलब
अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि स्कूल स्टाफ को जानकारी के बाद इस मामले को दबाने की कोशिश की गई। उच्च शिक्षा निदेशालय ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में चल रहे दुष्कर्म आरोपी शिक्षक को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है, जबकि स्कूल के सारे स्टाफ को बदलने के लिए सूची तलब कर ली है।
प्रिंसिपल को भी किसी अन्य स्कूल में स्थानांतरित करने की फाइल निदेशालय ने सरकार को भेज दी है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने आरोपी शिक्षक को बर्खास्त करने की पुष्टि की है।
पुलिस ने छात्रा से दुष्कर्म मामले में यौन उत्पीड़न समिति का प्रमुख होने के नाते मामला दबाने के आरोप में प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। - दिवाकर शर्मा, एसपी ऊना