रेलवे, एमईएस की फर्जी परीक्षा का भंडाफोड़, कहीं आपके साथ तो नहीं हो गया धोखा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेलवे और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) में भर्ती के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। ऊना पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हो गए। पकड़ा गया आरोपी अनिल कुमार निवासी मोहन नगर, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) खुद को कुरुक्षेत्र स्थित एक निजी अकादमी का संचालक बता रहा है।
उसने कहा कि कुछ लोगों ने परीक्षा के लिए उसे हायर किया था। इसके लिए उसे हर दिन 1500 रुपये मिलते थे। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी हिमाचल, पंजाब सहित अन्य राज्यों के हैं। दो आरोपी जालंधर (पंजाब) के बताए जा रहे हैं। परीक्षा देने आए युवाओं ने बताया कि आरोपियों ने नौकरी देने के नाम पर किसी से 10 हजार तो किसी से 50 हजार तक लिए हैं।
जानकारी के मुताबिक रविवार को ऊना मुख्यालय स्थित एक निजी होटल में करीब 50 परीक्षार्थी रेलवे और मिलिट्री इंजीनियरिंग की लिखित परीक्षा देने पहुंचे। आरोपियों ने इन्हें ऊना के निजी होटल में रेलवे भर्ती परीक्षा का केंद्र बताया था। परीक्षा शुरू होने पर युवाओं को ओएमआर सीट के साथ प्रश्नपत्र दिए गए। कुछ परीक्षार्थियों के नाम ओएमआर शीट पर अंकित नहीं थे।
रेलवे की तर्ज पर तैयार था पूरा सेटअप
इस पर पूछताछ की तो मामला गर्म हो गया। परीक्षा संचालक अनिल की एक युवक से कहासुनी हो गई और उसने युवक का पेपर फाड़ दिया। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को बुलाना पड़ा। एसएचओ सदर सर्वजीत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिकाओं, एडमिट कार्ड सहित अन्य सामग्री कब्जे में ले ली है। परीक्षा देने पहुंचे शुभम, सन्नी कुमार, ललित कुमार, मोहित कुमार, साहिल, दिलावर (सभी निवासी पठानकोट, इंदौरा) ने कहा कि आरोपियों ने किसी से 10 हजार तो किसी से 50 हजार रुपये नौकरी देने के नाम पर लिए हैं। वे पठानकोट से परीक्षा देने पहुंचे थे।
जिस तरह रेलवे बोर्ड परीक्षा लेता है, उसी तरह प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं तैयार की गई थीं। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड भी भेजे गए थे। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं पर रेलवे भर्ती बोर्ड पश्चिमी दिल्ली अंकित था। इन पर अभ्यर्थी का नाम, पता और फोटो सहित महत्वपूर्ण जानकारियां थी।
युवाओं से ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। युवा ऐसे ठगों से बचकर रहें। किसी के बहकावे में न आएं। - दिवाकर शर्मा, एसपी ऊना