जांच के लिए राजस्व विभाग को भेजा पदम पैलेस मामला
पुलिस ने पदम पैलेस मामला जांच के लिए राजस्व विभाग को भेज दिया है।पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के महल पदम पैलेस के एक हिस्से से केयरटेकर का सामान बाहर निकालने के मामले की शिकायत भले ही वापस ले ली गई है, लेकिन रामपुर पुलिस अभी भी जांच में जुटी है।
पुलिस ने छानबीन के लिए यह मामला राजस्व विभाग को भेज दिया है। रामपुर थाना प्रभारी रविंद्र नेगी ने बताया कि पदम पैलेस के केयरटेकर मस्तराम ने उसका सामान महल से बाहर करने की शिकायत दी थी।
इसमें केयरटेकर मस्तराम ने कहा था कि जब उसका सामान महल से बाहर किया जा रहा था तो वह वहां मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा तो पूर्व मुख्यमंत्री और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे।
यहां जानिए पूरा मामला
रविंद्र नेगी ने कहा कि मस्तराम ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद सिंह और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ दी शिकायत वापस ले ली है। उसे राजेश्वर ने महल के एक हिस्से में रखा था।
पुलिस जांच कर रही है कि महल में इस केयरटेकर का राजेश्वर ने क्यों रखा था ताकि पुलिस इस मामले में अगली कार्रवाई शुरू कर सके। वहीं, एसडीएम रामपुर निपुण जिंदल ने कहा कि अभी तक उनके पास इस संबंध में पुलिस से कोई पत्र नहीं पहुंचा है। पुलिस से पत्र आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।