कॉलेज में सिरफिरे आशिक की ऐसी दादागिरी
पीजी कॉलेज नाहन में सिरफिरा आशिक घुस गया। यहां कमरा नंबर दस में युवती से प्यार का इजहार किया। जब युवती ने मना किया तो एकतरफा प्यार में गुस्साए आशिक ने दरवाजे के शीशे पर हाथ दे मारा। कमरा खून से सन गया। आशिक ने युवती का हाथ पकड़ लिया और डराया- धमकाया। मामला हिमाचल के सिरमौर जिले का है।
वारदात को अंजाम देने के बाद यहां से फरार हो गया। हैरत इस बात की है कि कॉलेज के कमरे में वारदात को अंजाम देने के बाद युवक को रोकने का साहस किसी ने नहीं दिखाया। दादागीरी दिखाता हुआ युवक छाती तानकर कॉलेज से बाहर निकल गया। सहमी युवती थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई।
पहले भी दो-तीन बार कर चुका है छेड़खानी
कॉलेज की ओर से युवक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। इसे गिरफ्तार कर लिया गया है। युवक शहर में मीट की दुकान चलाता है। युवती का कहना है कि इससे पहले भी दो-तीन बार छेड़खानी कर चुकी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उक्त युवती कॉलेज के खाली समय में सहपाठियों के साथ कमरा नंबर दस में बैठी थी।
आपस में चर्चा चल रही थी। इसी दौरान युवक ने लात मारकर दरवाजे को खोला और युवती के आगे खड़ा हो गया। युवती सहम गई। युवक ने युवती का हाथ पकड़ लिया और प्यार का इजहार किया, लेकिन युवती ने मना कर दिया। युवती के मना करते ही सिरफिरा आशिक गुस्से में दरवाजे की ओर भागा और शीशे पर हाथ दे मारा।
सब बने रहे मूक, किसी ने नहीं रोका
शीशे की टूटने की आवाज सुनकर कॉलेज के कुछ कर्मचारी वहां पहुंचे, लेकिन युवक को रोकने का साहस नहीं कर सके। युवक वहां से फरार हो गया। एसएचओ लायक राम सिसोदिया ने बताया कि छात्रा की लिखित शिकायत पर रमन पुत्र सतपाल सिंह निवासी बाल्मीकि बस्ती नाहन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उसका हाथ कट गया है।
युवती ने पुलिस को यह भी बताया कि वह उसे दो-तीन बार पहले भी छेड़ चुका है। नाहन अस्पताल में उसका मेडिकल करवाया गया और उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कार्यवाहक प्राचार्य चंद्रिका बंसल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक के खिलाफ कॉलेज की ओर से भी पुलिस में शिकायत की गई है।