घर पर पानी गिरने को लेकर चली गोलियां, दंपति घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो गुटों की बीच हुई बहसबाजी के बाद चली गोलियों से एक दंपति बुरी तरह से घायल हो गया। यह मामला हिमाचल के चंबा जिले का है। यहां चुराह घाटी की सनवाल पंचायत में शुक्रवार सुबह दो गुटों में आपसी कहासुनी के बाद गोली चल गई।
इस वारदात में एक व्यक्ति को गोली लग गई, जबकि उसकी पत्नी मारपीट में घायल हो गई है। पुलिस ने पीड़ितों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भादंसं की धाराओं 307 तथा 323 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चंबा के चचूण गांव में नूर मुहम्मद पुत्र राजवली अपने परिवार के साथ कच्चे घर में रहता है। इसके ठीक ऊपर की ओर पड़ोसी आयूब खान का घर है। पीड़ितों के मुताबिक आयूब खान के घर की छत से बारिश का सारा पानी सीधे उनके कच्चे घर पर गिरता है।
इसके बारे में पहले भी आयूब खान से छत के पानी की सही निकासी करने को कहा गया था, लेकिन नूर मुहम्मद की इस फरियाद पर आयूब के परिवार वालों ने कोई कार्रवाई नहीं की। लिहाजा, वीरवार की रात जब यहां पर जोरदार बारिश हुई तो आयूब के घर की छत से गिर रहा पानी नूर मुहम्मद के घर में रिसने लगा।
सुबह होते ही बहसबाजी, फिर चली गोलियां
इसी के चलते शुक्रवार सुबह तड़के साढ़े आठ बजे के करीब नूर मुहम्मद और आयूब खान के परिवार वालों में कहासुनी शुरू हो गई। नूर मुहम्मद ने बताया कि बात सुलझाने की जगह आयूब खान के परिवार से किसी ने उस पर गोली दाग दी।
गनीमत रही कि वह अपना बचाव करने में सफल हो गया। हालांकि, गोली के कुछ छर्रे सीधे आकर नूर मुहम्मद के सिर में लग गए। इसे देखते हुए नूर मुहम्मद की पत्नी ने बीच बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उससे भी मारपीट कर उसकी बाजू तोड़ डाली।
नूर मुहम्मद और उनकी पत्नी मुर्था को सिविल अस्पताल तीसा में दाखिल करवाया गया है। चिकित्सकीय जांच में पता चला है कि मारपीट की वजह से मुर्था की बाजू टूट गई है, जबकि नूर मुहम्मद के सिर से धातु के कुछ टुक ड़े भी निकले हैं।
इस संबंध में एसएचओ तीसा पुलिस कृपाल सिंह ने बताया कि चिकित्सकीय जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही पीड़ित को गोली लगने की पुष्टि हो पाएगी। जबकि, जिस जगह पर यह हादसा हुआ है वह तीसा मुख्यालय से काफी दूरी पर स्थित है। लिहाजा, पुलिस शनिवार को घटना स्थल की ओर रवाना होगी। इसके बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।