टीवी ठीक करने आए युवक ने किया मासूम से रेप
'मुझे तुम्हारी मां ने भेजा है, तुम्हारा टीवी ठीक करना है', यह कहकर एक युवक घर में घुस गया और नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बना डाला। यह सनसनीखेज मामला हिमाचल के पांवटा का है।
यहां एक मजदूर परिवार की 13 साल की नाबालिग लड़की से दुराचार का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिस युवक ने मासूम से रेप किया वह पहचान का ही है। इसे गिरफतार भी कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवक टीवी ठीक करने के बहाने घर में घुसा और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश का यह कामगार परिवार पांवटा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 3-4 वर्षों से रहता है। परिवार के अधिकतर सदस्य फैक्टरी में मजदूरी करते हैं।
अकेला पाकर की जबरदस्ती
पुलिस के अनुसार शनिवार को पीड़ित के माता-पिता व बड़ी बहन मजदूरी करने गए थे। इस दौरान 13 वर्षीय नाबालिग घर में अकेली थी। पड़ोसी युवक आरोपी पवन निवासी गाजीपुर यूपी दिन के समय घर पर आया। आरोपी ने नाबालिग से कहा कि उसकी मां ने टीवी ठीक करने को कहा है।
घर में घुसते ही उसने दरवाजे की कुंडी लगा दी और अकेली लड़की को हवस का शिकार बनाया। शाम को बदहवास पीड़ित लड़की ने सारी बात अपनी मां को बताई। परिजनों ने पुलिस थाना पांवटा में शिकायत की।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पांवटा सिविल अस्पताल में पीड़ित नाबालिग का मेडिकल करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी पर पोस्को व आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया है।