पूर्व अंतरराष्ट्रीय महिला हैंडबाल खिलाड़ी सहित 4 पर एफआईआर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंडर-19 हैंडबाल टीम में धांधली के आरोप में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और हैंडबाल कोच सहित चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की छानबीन के बाद पुलिस ने महिला हैंडबाल कोच के खिलाफ केस दर्ज किया है।
ये स्कूल में प्रवक्ता भी हैं। इसके अलावा जिले के एक कॉलेज के डीपीई, एनजीओ के प्रधान और रेलवे में तैनात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामला साल 2017 का है।
हैंडबाल प्रतियोगिता के लिए मई 2017 में अंडर-19 के ट्रायल हुए। इसमें ऊना जिले की तीन लड़कियों का भी चयन हुआ था लेकिन बाद में जब यह लड़कियां नेशनल खेलने गाजियाबाद गई तो वहां पर उन्हें राज्य की टीम से खेलने नहीं दिया गया।
टीम के साथ गए कोच ने तीनों लड़कियों को दूसरे राज्यों की टीम से खेलने को कहा। ऊना की तीन लड़कियों में से दो ने पांच मैच मध्य प्रदेश की तरफ से खेले तथा एक लड़की के ऊपर दबाव बनाया गया कि वह उड़ीसा की तरफ से खेले, लेकिन उसने इंकार कर दिया।
मामले में खिलाड़ी साल 2017 से न्याय की मांग कर रहे थे। स्थानीय उपप्रधान ने भी मामले को उठाया था लेकिन मामले को दबा दिया गया था। खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और इस मामले को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती से मिले, जिसके बाद सत्ती ने उन्हें मुख्यमंत्री से मिलाया।
खिलाड़ियों की बात सुनकर जहां मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को राहत राशि के तौर पर दस-दस हजार रुपये दिए। मामले पर कार्रवाई के आदेश भी दिए।
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने जांच में पाया है कि आरोपी सही हैं। इस पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।