शिमला ही नहीं, मैनेजर ने मुंबई में भी किया गोलमाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की माल रोड शाखा में लाखों के घपले में फंसे सहायक प्रबंधक पंकज कालिया ने मुंबई में भी ऐसे ही घपले को अंजाम दिया है।
विजिलेंस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है। माल रोड स्थित बैंक शाखा से रिकॉर्ड जब्त करने और बैंक के अधिकारियों से प्रारंभिक पूछताछ के बाद टीम को यह सूचना हाथ लगी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इसके बाद पंकज कालिया को बैंक प्रबंधन ने सस्पेंड कर दिया है। विजिलेंस के अनुसार कालिया फिलहाल सस्पेंड चल रहा है। जरूरत पड़ने पर विजिलेंस की जांच टीम मुंबई की स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की एक शाखा में किए लाखों के घपले की भी जांच करेगी।
शिमला में की थी सात लाख की धोखाधड़ी
पूर्व सहायक प्रबंधक पंकज कालिया ने शिमला में 7 लाख 50 हजार रुपये से अधिक का गोलमाल किया था।
आरोप है कि सहायक प्रबंधक ने गोलमाल की राशि पत्नी मोनिका कालिया के अलावा रिश्तेदार किशोरी लाल, अरुण चौहान और अन्य के बैंक खातों में ट्रांसफर की। विजिलेंस प्रभावित खाता धारकों से भी पूछताछ कर रही है।
अभी तक एक ही खाताधारक के बैंक अकाउंट से 28 हजार रुपये की राशि निकालने की बात सामने आई है। विजिलेंस ने आरोपी सहायक प्रबंधक को पूछताछ के लिए बुलाया है।
2004 से 2007 के मध्य लाखों के इस घपले को अंजाम दिया था। एसपी एसआर सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। संबंधित बैंक अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
बैंक को ही लगाया चूना
विजिलेंस की जांच में एक और नया तथ्य सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पंकज कालिया ने ग्राहकों के बैंक खातों पर ही नहीं बैंक के अपने खाते पर भी लाखों का चूना लगाया है।
घपले की अधिकतर राशि बैंक के अपने अकाउंट की बताई जा रही है।
बैंक के खाते से लाखों की राशि निकल गई, इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को कैसे नहीं लगी। यह भी जांच का विषय है। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी भी विजिलेंस की जांच के दायरे में आ चुके हैं।