'आप' नेता पर दराट से जानलेवा हमला, पांच लाख भी लूटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के युवा अध्यक्ष पर होटल के भीतर जानलेवा हमला हो गया। रॉड और दराट से वार कर हमलावरों ने नेता से पांच लाख रुपए लूट लिए। लूट का ये सनसनीखेज मामला हिमाचल के कांगड़ा में अंजाम दिया गया।
यहां पुलिस थाना फतेहपुर के तहत वीरवार रात मोच गांव में एक दर्जन से ज्यादा हमलावरों ने आम आदमी पार्टी के कांगड़ा चंबा संससीय क्षेत्र के युवा अध्यक्ष एवं होटल मालिक राहुल चौहान पर लोहे की रॉड और दराट से हमला कर पांच लाख रुपये लूट लिए। हमले में आप नेता राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। लुटेरों ने राहुल के सिर पर दराट से वार किया।
तीन आरोपियों की हुई पहचान
राहुल पठानकोट के निजी अस्पताल में दाखिल हैं। हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वारदात वीरवार रात करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। तीन लुटेरों को राहुल ने पहचान लिया है। वे रैहन के पास एक गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने इस संदर्भ में आईपीसी की धारा 147,148,149, 323, 506, 382 के तहत लूट का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज कराए बयान में राहुल ने कहा है कि वीरवार रात को वह अपने होटल में था। इस दौरान शाम साढ़े सात बजे करीब दस युवक उसके होटल में आए और उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। जबकि, दो युवकों ने पिस्टल भी ली हुई थी।
बहसबाजी के बाद किया हमला
गाली गलौज के साथ युवकों ने उसके सिर पर दराट और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपी होटल में रखे उसके पांच लाख रुपये भी लूट कर ले गए। होटल व्यवसायी ने कहा कि आरोपियों से उसे जान का खतरा है।
उसने पुलिस से गुहार लगाई है कि जब तक आरोपी पकडे़ नहीं जाते उसे सुरक्षा प्रदान की जाए। उधर, सवाल यह भी उठ रहा है कि आप नेता एवं होटल व्यवसायी ने अपने पास पांच लाख रुपये नकद आखिर क्यों रखे थे। हालांकि, इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। वहीं, डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।