निक्कर, बनियान ने पकड़वाए एटीएम चोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के धर्मशाला के देहरा के कलोहा स्थित एटीएम के कैश बॉक्स चोरी मामले में आरोपियों तक पहुंचाने में कपड़ों ने भी मदद की। आरोपी एटीएम से कैश बॉक्स चुरा रहा था तब उसका हुलिया सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था।
हालांकि चेहरे को आरोपी ने छुपा लिया था लेकिन तन पर पहने कपड़े साफ नजर आ रहे थे। आरोपी ने पीले रंग की बनियान और निक्कर डाल रखी थी। रविवार सुबह जब वे गाड़ी में नादौन की ओर जा रहे थे तो पुलिस ने एक युवक के तन पर वैसे ही कपड़े पहने हुए देखे।
इस पर पुलिस को शक हुआ। पूछताछ की तो वे नानुकर करने लगे। सिलेंडर भी गाड़ी में पड़ा हुआ था। इस संबंध में भी पुलिस ने पूछा। युवक संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। जब कड़ाई से पूछताछ की तो दो युवक टूट गए और उन्होंने चोरी की बात कबूल कर ली।
जंगल में छिपाया था एटीएम कैश बॉक्स
बाद में उन्हीं की निशानदेही पर कैश बॉक्स, सिलेंडर आदि जब्त किए गए। चोरी के बाद पुलिस को अलर्ट कर दिया था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी सरकुलेट की गई थी। पुलिस हर जगह नाका लगा रही थी। आने जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही थी।
ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा पुलिस को अलर्ट किया गया था। आरोपियों ने बैंक के एटीएम का कैश बॉक्स चोरी कर रक्कड़ के कलोहा के बीच जंगलों में छुपा रखा था। उन्होंने कैश निकालने के लिए कई हथकंडे अपनाए लेकिन कामयाब नहीं हो पाए।
पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन में जुटी है। पुलिस ने युवकों की अन्य किसी लूट में संलिप्तता को लेकर पंजाब पुलिस से भी संपर्क साधा है। जल्द ही आरोपियों से अन्य चोरियों के मामले में पूछताछ की जाएगी।
तीन घंटे में चुराया था कैश बॉक्स
कलोहा गांव में एटीएम का कैश बॉक्स चोरी करने में शातिरों को तीन घंटे लगे थे। पुलिस के अनुसार शातिर रात 12 बजे एटीएम केबिन में दाखिल हुआ था। चोर ने पहले शटर को तोड़ा था। इसमें इसे दस मिनट लगे थे। 12 बजे के बाद चोर ने एटीएम के ऊपरी मशीन को उखाड़ना शुरू किया।
2 बजकर 30 मिनट तक चोर इसे खोलने में सफल नहीं हो पाया था। 2 बजकर 35 मिनट पर चोर ने मशीन के ऊपरी हिस्से को अलग कर दिया था। इसके बाद 25 मिनट चोर को कैश बॉक्स को तारों से अलग करने में लगे थे। तीन बजे चोर केबिन से कैश बॉक्स लेकर बाहर चला गया था।
आरोपी को एटीएम कैश बॉक्स केबिन से बाहर ले जाने में तीन घंटे का समय लगा है। अभी तक हुई एटीएम चोरियों में पहली बार पुलिस लुटेरों को पकड़ने में सफल रही है। एसएचओ ज्वालामुखी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने जाल बिछाया था।
आरोपी तीन दिन के रिमांड पर
कलोहा में स्थित एटीएम के कैश बॉक्स चोरी मामले के पांच आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार नादौन के पंचवटी में नाके के दौरान पकड़े गए आरोपी जितेंद्र, बलबिंद्र, मलकीत, सतिंद्र तथा संदीप को पुलिस रिमांड मिला है।
पुलिस जांच कर रही है कि पकड़े गए युवकों का किसी अन्य मामले से ताल्लुक तो नहीं है। थाना प्रभारी नादौन जसबीर ठाकुर ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामले की तफ्तीश जारी है।
ज्वालामुखी लाए जाएंगे आरोपी
थाना प्रभारी ज्वालामुखी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि एटीएम कैश बॉक्स चोरी के आरोपियों का पुलिस रिमांड खत्म होते ही कोर्ट से न्यायिक हिरासत मांगी जाएगी। इस दौरान जिलेभर में हुई एटीएम चोरियों को लेकर भी आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।