बिहार क्राइम: सासाराम में बंद घरों को चोरों ने बनाया निशाना, दो फ्लैटों से लाखों के आभूषण गायब
सासाराम के गजराढ़ मोहल्ले में चोरों ने एक बिल्डिंग के दो फ्लैटों से करीब 38 लाख रुपये के आभूषण और 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। दोनों परिवार छठ मनाने गांव गए थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
सासाराम जिला मुख्यालय के गजराढ़ मोहल्ले में सोमवार की रात चोरों ने एक ही बिल्डिंग के दो फ्लैटों को निशाना बनाया। चोरों ने मकान मालिक और किराएदार के फ्लैट से करीब 38 लाख रुपये के आभूषण और 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना सासाराम नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 स्थित गली नंबर दो की है। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मकान मालिक और किराएदार के फ्लैट में चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने बिल्डिंग के मालिक और एक किराएदार के फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी की। पीड़ित परिवारों के मुताबिक, किराएदार के फ्लैट से करीब पांच लाख रुपये के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। वहीं, मकान मालिक के फ्लैट से करीब 32 लाख रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद गायब हैं।
छठ मनाने गांव गए थे दोनों परिवार
बताया जाता है कि मूल रूप से बांका जिले के रहने वाले मकान मालिक भोलानाथ चौधरी और उनके किराएदार लल्लू प्रजापति का परिवार छठ मनाने अपने-अपने गांव गया हुआ था। घरों में किसी के नहीं रहने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत है। स्थानीय लोग ठंड के मौसम को देखते हुए शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों पीड़ित परिवारों ने सासाराम नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, गजराढ़ मोहल्ला निवासी सेवानिवृत्त पेशकार भोलानाथ चौधरी और उनके किराएदार लल्लू प्रजापति के घर हुई चोरी को लेकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
