सेना में भर्ती के लिए आरोपी ने प्रति युवक मांगे थे 2 लाख, ऐसे हुआ खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऊना में पकड़े गए आरोपी ने सेना में भर्ती करवाने के लिए प्रति युवक दो लाख रुपये मांगे थे। आरोपी संजीव ने यह मांग कांगड़ा जिले के पालमपुर स्थित कोचिंग सेंटर संचालक से फोन पर की थी।
विजिलेंस के उत्तर क्षेत्र धर्मशाला के एसपी अरुल कुमार ने कहा कि ऊना में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ चल रही है। विजिलेंस हिमाचल, पंजाब और हरियाणा के भर्ती कोचिंग सेंटरों में पूछताछ कर जांच करेगी कि आरोपी ने पालमपुर के कोचिंग सेंटर के अलावा और कितने सेंटरों में युवाओं को ठगने के लिए बात की थी।
इसके अलावा करनाल स्थित कोचिंग सेंटर का भी रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। विजिलेंस मामले को गंभीरता से इसलिए भी ले रही हैं, क्योंकि कांगड़ा-चंबा जिलों में इसी महीने सेना भर्ती के साक्षात्कार की तिथियां तय होनी हैं और फरवरी के दूसरे पखवाड़े में पठानकोट (पंजाब) में सेना के खुली भर्ती होनी है।
ऐसे हुआ खुलासा
एसपी विजिलेंस अरुल कुमार ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। विजिलेंस राज्य के कोचिंग सेंटरों से पूछताछ करेगी। अगर आरोपी ने अन्य व्यक्ति से बातचीत की हो तो वे 01892-224906, 78076-11033 पर संपर्क कर सकते हैं। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
बताया जा रहा कि संजीव कुमार ने पालमपुर के कोचिंग सेंटर संचालक को फोन किया था। उसने कहा था कि वह सेंटर के युवाओं को सेना भर्ती के व्यक्तिगत साक्षात्कार में पास करवाकर नौकरी दिला देगा।
इसकी एवज में प्रति युवा दो लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद कोचिंग सेंटर संचालक ने संजीव कुमार के खिलाफ विजिलेंस में शिकायत की। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ने बुधवार को आरोपी को ऊना की रक्कड़ कॉलोनी से गिरफ्तार किया।