हिमाचल के चंबा में सड़क हादसा, सात की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंबा से पांगी जा रही एक महिंद्रा मैक्स गाड़ी को पहाड़ी से गिरे पत्थर से बचाने के लिए ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाई तो वाहन फिसलते हुए चिनाब में समा गया।
किश्तवाड़ से करीब 20 किलोमीटर पीछे द्रबशाला नामक स्थान पर हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच घायल हो गए हैं। घायलों को डोडा अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार को एक महिंद्रा मैक्स (एचपी 01-सी 3304) चंबा से पांगी की ओर जा रही थी। गाड़ी में 12 लोग सवार थे। हादसा शाम करीब पांच बजे द्रबशाला में हुआ।
इन लोगों की मौके पर ही मौत
हादसे में एसआई राकेश कुमार निवासी कांगड़ा वर्तमान में सोलन में तैनात, चालक पृथ्वी राज निवासी द्रभाला, ओम प्रकाश पुत्र राजमल निवासी पांगी, प्यारदीन पुत्र जान मोहम्मद निवासी कोठी की मौत हो गई है।
अन्य की पहचान नहीं हो पाई है। एक बुजुर्ग मृतक की जेब से 23700 रुपये और खान ट्रांसपोर्ट के टिकट मिले हैं।
इसके अलावा तारा चंद पुत्र श्रीचंदनिवासी किलाड़, संतोष पुत्री चुनी लाल निवासी किलाड़, सुमन पत्नी संतोष निवासी किलाड़, कांस्टेबल रमन पुत्र हरदीप निवासी कांगड़ा, छेलो देवी पत्नी मानक चंद निवासी पांगी व शेर सिंह पुत्र मानक चंद पांगी घायल हो गए हैं।
एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ा है। घायलों को डोडा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
टिप्पर गिरने से चालक की मौत
वहीं, डलहौजी के कैंट-रुलयाणी संपर्क मार्ग पर शनिवार सुबह सड़क धंसने से एक टिप्पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
हादसे में टिप्पर चालक सुनील कुमार पुत्र टेक चंद निवासी गांव छाणा की मौके पर ही मौत हो गई। शव को लोगों की सहायता से खाई से निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल डलहौजी भेजा।
डीएसपी डलहौजी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक के परिजनों को प्रशासन द्वारा फौरी राहत के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।