{"_id":"582c9e884f1c1bd53b8ffac2","slug":"2-25-lakh-cash-converted-into-coins-by-bank","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिक्कों में बदले गए 2.25 लाख, जांच के दायरे में बैंक","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
सिक्कों में बदले गए 2.25 लाख, जांच के दायरे में बैंक
ब्यूरो/अमर उजाला, चुवाड़ी (चंबा)
Updated Thu, 17 Nov 2016 12:09 AM IST
विज्ञापन
नोटबंदी के बाद लाखों के नोट एकसाथ सिक्कों में बदले जाने से बैंक प्रबंधन और टोल प्लाजा का लेन-देन जांच के दायरे में आ गया है। एकमुश्त पैसे बदले जाने से कई सवाल उठ रहे हैं। बैंक प्रबंधन दावा कर रहा है कि यह अदला-बदली नियमों के तहत ही की गई है।
विज्ञापन
कहा जा रहा है कि टोल प्लाजा के कर्मचारी नोट पर पाबंदी से पहले सिक्के लेते रहे हैं। मंगलवार को साढ़े आठ लाख पकड़े जाने से ठीक पहले बैंक की चुवाड़ी शाखा में 2.25 लाख सिक्कों में बदले गए थे।
विज्ञापन
यह नकदी पंजाब के टांडा टोल प्लाजा से आई थी। बैंक प्रबंधन ने साढ़े आठ लाख को सिक्कों में बदलने या रकम चुवाड़ी पहुंचने में बैंक का कोई हाथ होने से इनकार किया है। मंगलवार सुबह 2.25 लाख लेकर टोल प्लाजा के कर्मचारी चुवाड़ी पहुंचे थे।
विज्ञापन
इन्हें बैंक ने राशि के बदले सिक्के दिए। कुछ देर बाद दोबारा एक टीम पैसे लेकर चुवाड़ी पहुंची, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया और नकदी जब्त कर ली। बैंक का दावा है कि टोल प्लाजा के 2.25 लाख गलत तरीके से नहीं बदले गए हैं।
हैरानी की बात यह है कि आरबीआई ने एक दिन में सिर्फ साढ़े चार हजार रुपये बदलने की सीमा तय की है। साथ ही केंद्र सरकार ने आगामी आदेशों तक टोल प्लाजा के अवरोधक खोलने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में टोल प्लाजा को लाखों की नकदी को सिक्कों में बदलने की क्यों जरूरत पड़ी?
उधर, हमीरपुर में एसबीआई नियंत्रक एजीएम बीसी दुमेला ने कहा कि बैंक में खाता हो तो एकमुश्त रकम जमा हो सकती है, लेकिन खाता नहीं हो तो सिर्फ साढ़े चार हजार रुपये ही बदले जा सकते हैं।
वहीं, चुवाड़ी शाखा पर संदेह गहराने के बाद पुलिस भी बैंक पर नजर रख रही है। बैंक की सीसीटीवी पर बड़ी रकम के साथ पहुंचने वालों की निगरानी की जा रही है। डीएसपी सागर चंद्र शर्मा ने बताया कि सबूत मिलते ही पुख्ता कार्रवाई होगी।
सौ-सौ रुपये के नोट थे: अमर सिंह
चुवाड़ी में एसबीआई शाखा के प्रबंधक अमर सिंह ने कहा कि टोल प्लाजा के कर्मचारी नोट पर पाबंदी से पहले सिक्के लेते रहे हैं। मंगलवार को 2.25 लाख के सिक्के नियमों के तहत ही जारी किए गए थे। सभी नोट सौ-सौ रुपये के थे। जिस पर कोई प्रतिबंध नहीं है।