बीमा पॉलिसी और निवेश के नाम पर बुजुर्ग से 18 लाख की ठगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक कंपनी की 50 हजार की बीमा पॉलिसी के चक्कर में हिमाचल के सोलन जिले के नालागढ़ के रंगूवाल निवासी एक 78 वर्षीय बुजुर्ग ने करीब 18 लाख रुपये गवां दिए। पुलिस में इस संबंध में मामला दर्ज करवाया गया है। पीड़ित का कहना है कि उससे करीब 18 लाख रुपये की ठगी हुई है। पुलिस थाना नालागढ़ में हरिदास गौड़ शर्मा (78) पुत्र नंदलाल गौड़ शर्मा निवासी गांव रंगूवाल, डाकघर राजपुरा, तहसील नालागढ़ ने बताया कि उसने एक जीवन बीमा पॉलिसी ली थी।
इस पॉलिसी में 26 अक्तूबर, 2015 को 50 हजार रुपये जमा करवाए थे। करीब तीन माह बाद कंपनी के हेड ऑफिस से एक कर्मी से बात हुई। उसने बताया कि कंपनी शेयर मार्केट में पैसा लगाती है। दो माह बाद उसे फोन आया कि उसके बीमे पर 35 हजार ब्याज लगा है और पैसा तभी वापस होगा, जब किसी दूसरी कंपनी में निवेश करेंगे। इसके लिए तीन कंपनियां बताई गईं। 20 हजार रुपये दे दिए। एक महीने बाद कहा कि दस साल की मियाद को खुली मियाद में बदल देते हैं। 1 लाख 75 हजार रुपये 26 मई, 2016 को जमा करवा दिए।
शेष उन्होंने किसी वृद्धाश्रम के नाम पर ले लिए। इसके बाद जीएसटी भरने के लिए उससे 8 लाख 25 हजार स्पेस प्रोप मार्ट के नाम पर ले लिए। इसके बाद कहा कि जो एग्रीकल्चर के पेपर बनवाए थे, वह गलत हैं और दोबारा पेपर बनवाने हैं। एग्रीकल्चर पेपरों के नाम से 1 लाख 50 हजार रुपये फिर ले लिए।
इसके बाद फोन आया, जिसमें धमकी दी गई कि आपने जो निवेश किया है वह कंपनी पाकिस्तान में आतंकियों को फंडिंग करती है और पीएमओ से आर्डर आया है कि जिन्होंने इस कंपनी में पैसे लगाए हैं, उन सभी को उठा लो।
जमानत के नाम पर 30 हजार रुपये और ले लिए। इसी प्रकार उपरोक्त लोगों ने उससे धोखाधड़ी से करीब 18 लाख रुपये ले लिए। एएसपी एनके शर्मा ने कहा कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की हर पहलु से जांच की जा रही है।