हिमाचल में लगेंगे गोमूत्र आधारित उद्योग, रामदेव से ज्ञान लेगी सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में अब गोमूत्र आधारित उद्योग लगाए जाएंगे। इसका ज्ञान हरिद्वार जाकर बाबा रामदेव से लिया जाएगा। इसका बाकायदा राज्य के अधिकारी पतंजलि योगपीठ ट्रस्ट से प्रशिक्षण लेंगे। इस तरह के उद्योगों में निवेश पर सरकार 50 फीसदी सब्सिडी देगी। मुख्यमंत्री ने ऐसे उद्योगों को बढ़ावा देने की घोषणा अपने बजट भाषण में भी की थी।
इसी घोषणा को अब लागू किया जा रहा है। हाल ही में मंत्रिमंडल की बैठक में जयराम सरकार ने राज्य में गो सेवा आयोग के गठन का फैसला लिया है। यह भी तय हो गया है कि प्रदेश में गायों की नस्लों में सुधार करने के अलावा उनसे जुडे़ उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि कुछ दिन पहले मुख्य सचिव बीके अग्रवाल की अध्यक्षता में बजट घोषणाओं पर हुई एक बैठक में पशुपालन और उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मुख्यमंत्री के आश्वासनों को गंभीरता से लें। प्रदेश में एक महीने के भीतर जहां गोसेवा आयोग का गठन किया जाए, वहीं गोमूत्र आधारित उद्योगों को लगाने के लिए पतंजलि योगपीठ का दौरा किया जाए।
वहां अपनाई जा रही प्रणाली और व्यवस्था का अध्ययन किया जाए और यह तय करें कि प्रदेश में किस तरह के गोमूत्र आधारित उद्योग लगाए जा सकते हैं। अब उद्योग और पशुपालन विभाग के अधिकारी प्रशिक्षण लेने के लिए हरिद्वार जाने की तैयारी में हैं।