शिमला। संजाैली-ढली बाईपास स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर के पास मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) शिमला ने साक्ष्यों के अभाव में विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को बरी कर दिया है। बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट प्रतिभा नेगी, सदस्य प्रियंका खनाल और निरंजना कंवर की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि अभियोजन पक्ष नाबालिग के खिलाफ लगे आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा। अभियोजन पक्ष के अनुसार, ढली थाना क्षेत्र के तहत शिकायतकर्ता निशांत शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 25 मई 2024 की रात करीब 8:15 बजे वह संजाैली से घर लौट रहा था। बाबा बालक नाथ मंदिर के गेट के पास पहुंचा, तो नाबालिग के पिता, भाई और दो अन्य लोगों ने रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए। पुलिस थाना ढली में आईपीसी की धारा धाराओं के तहत मामला दर्ज कर बोर्ड के समक्ष अंतिम रिपोर्ट पेश की गई थी। बोर्ड ने साक्ष्यों का अवलोकन करते हुए पाया कि शिकायतकर्ता और उनकी माता ने जिरह में स्वीकार किया है कि नाबालिग के परिवार के साथ उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और दोनों पक्षों के बीच 5 से 6 मुकदमे लंबित हैं। बोर्ड ने अपने फैसले में कहा कि पुरानी रंजिश दोधारी तलवार की तरह होती है, ऐसे में रंजिश के चलते झूठा मामला दर्ज किए जाने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। संवाद