कोरोनावायरस: उत्तरी कोरिया से लौटे तीन छात्रों ने किया डीडीयू से संपर्क, मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोनावायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग शहर के लोगों सहित स्कूलों में भी निगरानी रख रहा है। बाहरी देशों से घूमकर आए लोगों की जांच की जा रही है। गुरुवार को डीडीयू अस्पताल शिमला में तीन बच्चों के संदिग्ध होने की खबर से हड़कंप मच गया। शहर के तीन नामी स्कूल और एक ही परिवार के तीन विद्यार्थी नॉर्थ कोरिया घूमने गए थे। ये हाल में शिमला लौटे हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों विद्यार्थियों की अभी तक कोई खास जांच नहीं हुई है। परिवार के सदस्यों ने भी इसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी है। ऐसे में डीडीयू अस्पताल में यह खबर मिलते ही स्पेशल टीम ने स्कूल प्रशासन और विद्यार्थियों के घर वालों से संपर्क किया। संपर्क न होने पर टीम को संदिग्धों के घर रवाना किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक तीनों बच्चे अपने घर में ही हैं। टीम को किट के साथ विद्यार्थियों के घर भेजा है।
परिवार के सदस्यों को एहतियात बरतने की सलाह के साथ सुरक्षा किट दी गई है। डीडीयू अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यदि ये लोग संदिग्ध लगे तो इन्हें कोरोनावायरस के स्पेशल वार्ड में रखा जाएगा। इनका उपचार किया जाएगा। इसके लिए टीम तैनात कर दी है। मरीज को लाने वाली 108 एंबुलेंस भी रखी गई है। एंबुलेंस चालक और चिकित्सक को भी संदिग्ध या रोगी के उपचार और अस्पताल लाने और वार्ड में ले जाने का प्रशिक्षण दिया गया है।
डीडीयू अस्पताल के सभी चिकित्सकों को कोरोनावायरस के संदिग्ध और रोगी की जांच को प्रशिक्षण दिया गया है। टीम भी तैनात कर दी गई है। गुरुवार को जो संदिग्ध विद्यार्थी की खबर मिली है, उनके घर भी प्रशिक्षित टीम को भेजा गया है। उनके लिए स्पेशल किट भी भेजी गई है।
28 दिन तक घर में रहने की दी हिदायत
डीडीयू की टीम विद्यार्थियों के घर गुरुवार को ही पहुंच गई। तीनों बच्चे एक ही परिवार के हैं। टेस्ट एक साथ किए जा रहे हैं। सलाह दी गई है कि बच्चों को 28 दिन तक घर में ही रखें। 28 दिन बाद ही बताया जा सकता है कि बच्चे ठीक हैं या उनमें वायरस है। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए एल्कोहॉलिक सेनेटाइजर और मास्क भी भेजे जा रहे हैं।
एक ही परिवार के है तीनों बच्चे- एमएस
डीडीयू अस्पताल के एमएस लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि एक ही परिवार के तीन बच्चे नॉर्थ कोरिया से घूम कर आए हैं। इनके परिवार से संपर्क किया गया है और एहतियात बरतने की सलाह दी है।